सोने की हालिया चाल ने निवेशकों के बीच नई उलझन पैदा कर दी है। बाजार विश्लेषकों के अनुसार सोना फिलहाल एक अहम तकनीकी मोड़ पर खड़ा दिखाई दे रहा है।
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि चार्ट पर यह अपने 50 डे मूविंग एवरेज को पार करने में संघर्ष करता नजर आ रहा है और ऊपर की ओर तेजी दिखाने के बजाय नीचे की ओर झुकाव बनता दिखाई दे रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि छोटे टाइम फ्रेम पर सोने में “राउंडिंग टॉप” जैसा पैटर्न बनता दिख रहा है, जो आगे कमजोरी का संकेत हो सकता है। पहले यह धारणा थी कि जब शेयर बाजार में नुकसान होता है, तो निवेशक मुनाफे वाले एसेट यानी सोने से पैसा निकालकर नुकसान की भरपाई करते हैं। लेकिन अब स्थिति अलग है। अमेरिकी एआई आधारित शेयरों में तेजी लौटने के बावजूद सोने में वैसी मजबूती नहीं दिख रही। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण केंद्रीय बैंकों की रणनीति को माना जा रहा है। पिछले कुछ समय से दुनिया भर के सेंट्रल बैंक अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड की बजाय सोना खरीद रहे थे, लेकिन अब वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के कारण वे भी अतिरिक्त रिजर्व खर्च करने में सतर्क हो गए हैं।
पूरी दुनिया इस समय इस सवाल से जूझ रही है कि आने वाले समय में वैश्विक ग्रोथ कितनी मजबूत रहेगी। अगर ग्लोबल जीडीपी ग्रोथ 3% के आसपास कमजोर रहती है, तो निवेश और रिजर्व मैनेजमेंट दोनों पर असर पड़ेगा। ऐसे माहौल में सेंट्रल बैंक और बड़े निवेशक अतिरिक्त पैसा अर्थव्यवस्था में लगाएं या सोने में, इसे लेकर असमंजस में हैं। यही वजह है कि सोना फिलहाल निर्णायक तेजी नहीं दिखा पा रहा।
तकनीकी संकेतों की बात करें तो विशेषज्ञों ने साफ कहा कि सोने के चार्ट पर “लोअर हाई” बनता दिखाई दे रहा है। यानी हर नई तेजी पिछली तेजी से कमजोर है। उनका कहना है कि जब चार्ट खुद कमजोरी का संकेत दे रहा हो, तब आक्रामक खरीदारी से बचना चाहिए। उन्होंने सलाह दी कि जब तक सोना 4900-5000 डॉलर के अहम स्तरों को मजबूती से पार नहीं करता, तब तक अत्यधिक उत्साह में निवेश करना जोखिम भरा हो सकता है। उनका मानना है कि पहले इन स्तरों के ऊपर स्थिरता दिखनी चाहिए, तभी आगे की बड़ी तेजी पर भरोसा किया जा सकता है।
(शेयर मंथन, 29 अप्रैल 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)