शेयर मंथन में खोजें

बैंकिंग सेक्टर में अचानक क्यों बढ़ा दबाव?

शेयर बाजार में हाल के कारोबारी सत्रों के दौरान बैंकिंग सेक्टर में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। हालिया ट्रेडिंग में बैंकिंग इंडेक्स करीब 1.5% तक टूट गया, जबकि आईटी सेक्टर पहले से ही दबाव में बना हुआ था।

अविनाश मेंटर रिसर्च सर्विसेज के संस्थापक अविनाश गोरक्षकर का कहना है कि दिलचस्प बात यह रही कि शुक्रवार को तस्वीर कुछ अलग थी, जब आईटी सेक्टर में करीब 5% की भारी गिरावट देखने को मिली थी, जबकि बैंकिंग शेयर अपेक्षाकृत स्थिर रहे थे। ऐसे में निवेशकों के मन में सवाल उठ रहा है कि आखिर अचानक बैंकिंग सेक्टर पर इतना दबाव क्यों बढ़ गया।

बैंकों के तिमाही नतीजे कुल मिलाकर उम्मीद के मुताबिक ही रहे हैं। कई बैंकों ने मजबूत प्रदर्शन भी किया है। उदाहरण के तौर पर City Union Bank ने मुनाफे में करीब 25% की ग्रोथ दर्ज की है और बोनस शेयर की घोषणा भी की है। वहीं Axis Bank के नतीजे भी काफी अच्छे रहे हैं। यानी बैंकिंग सेक्टर की मौजूदा कमजोरी का मुख्य कारण सिर्फ नतीजों में निराशा नहीं माना जा सकता।

असल चिंता बढ़ते कच्चे तेल के दामों को लेकर है। बाजार को डर है कि यदि क्रूड ऑयल की कीमतें लगातार ऊंची बनी रहीं, तो इसका असर कंपनियों के मुनाफे पर पड़ सकता है। खासतौर पर मिड-साइज और छोटे कॉर्पोरेट्स की लागत बढ़ सकती है, जिससे उनके प्रॉफिट मार्जिन पर दबाव आएगा। यदि कंपनियों की कमाई प्रभावित होती है, तो बैंकिंग सेक्टर के लिए एसेट क्वालिटी यानी कर्ज वसूली की स्थिति चुनौतीपूर्ण हो सकती है। यही वजह है कि निवेशक फिलहाल बैंकिंग शेयरों में सतर्क नजर आ रहे हैं। अगर वैश्विक तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियां लंबे समय तक बनी रहती हैं, तो आने वाले महीनों में बैंकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। हालांकि फिलहाल एसेट क्वालिटी पर कोई बड़ा असर दिखाई नहीं दे रहा, लेकिन यदि हालात बिगड़ते हैं तो बैंकों के लोन पोर्टफोलियो पर दबाव आ सकता है। इसी आशंका के चलते कई बैंक पहले से ज्यादा प्रोविजनिंग यानी संभावित नुकसान के लिए अतिरिक्त रिजर्व बनाने की तैयारी कर रहे हैं।

बैंक निफ्टी काफी हद तक सेंटीमेंट आधारित इंडेक्स है, जिस पर वैश्विक घटनाक्रम और बाजार की भावनाओं का असर तेजी से दिखाई देता है। इसलिए दिन-प्रतिदिन के उतार-चढ़ाव को लेकर बहुत निश्चित राय बनाना मुश्किल होता है। फिलहाल निवेशकों की नजर कच्चे तेल की कीमतों, वैश्विक तनाव और आने वाले आर्थिक संकेतकों पर बनी हुई है, जो आगे बैंकिंग सेक्टर की दिशा तय करेंगे।

 

(शेयर मंथन, 04 मई 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख