भारी उतार-चढ़ाव के बीच बाजार लगातार छठे दिन गिरावट पर बंद

वैश्विक बाजारों में आज फिर सुस्ती का माहौल देखा गया। एशियाई बाजारों में भारी गिरावट देखी गई।

 अमेरिकी बाजारों में मिला-जुला कारोबार देखा गया। डाओ जोंस पर 700 अंकों के दायरे में कारोबार हुआ। आखिरी में डाओ 125 अंक फिसलकर बंद हुआ। अच्छी शुरुआत के बाद बाजार में गिरावट देखने को मिला। इंट्राडे में डाओ 29,000 के भी नीचे गया था। डाओ और एसएंडपी (S&P) 500 में लगातार 6 दिनों से गिरावट जारी है। वहीं नैस्डैक पर हल्की बढ़त देखने को मिली। एसजीएक्स (SGX) निफ्टी कीकमजोरी के साथ शुरुआत हुई। वैश्विक बाजारों से मिले संकेतों से भारतीय बाजार की कमजोरी के साथ शुरुआत हुई। बाजार में आज भारी उतार-चढ़ाव वाला कारोबार देखा गया। बाजार ने निचले स्तर से संभलने का प्रयास भी किया। कारोबारी सत्र के आखिर में बाजार में गिरावट और गहराई और दिन के निचले स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स (Sensex 30) ने 56,486 का निचला स्तर जबकि 57,213 का ऊपरी स्तर छुआ। वहीं निफ्टी 50 (Nifty 50) ने 16,820 का निचला स्तर जबकि 17,038 का ऊपरी स्तर छुआ। वहीं निफ्टी बैंक ने 38,185 का निचला स्तर जबकि 39,050 का ऊपरी स्तर छुआ। सेंसेक्स 0.89% या 509 अंक गिर कर 56,598 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी (50) 0.87% या 149 अंक गिर कर 16,859 पर बंद हुआ। निफ्टी बैंक 0.67% या 257 अंक गिर कर 38,359 पर बंद हुआ। निफ्टी के गिरने वाले शेयरों में हिंडाल्को 3.44%, जेएस डब्ल्यू स्टील 3.22% ऐक्सिस बैंक 2.85% और आईटीसी में (ITC) 2.96% तक की गिरावट देखी गई। निफ्टी के चढ़ने वाले शेयरों में एशियन पेंट्स 2.88%, सन फार्मा 2.31%, डॉ रेड्डीज 2.11% और आयशर मोटर्स में 1.62% तक की मजबूती देखी गई। सरकार को पूंजी डालने के बदले शेयर जारी करने पर बोर्ड बैठक के कारण आईटीआई (ITI) में 8.41% तक की तेजी देखी गई। वहीं तानला प्लैटफॉर्म में 5% तक की मजबूती रही। टोरेंट फार्मा के शेयर पर दबाव दिखा। बाजार को क्यूरैटियो (Curatio) का अधिग्रहण महंगा लगा जिसके कारण शेयर में 2.58% तक की गिरावट देखी गई। एमएंडएम के महिंद्रा सीआईई में हिस्सा बिक्री से शेयर में करीब 1.68% तक का उछाल देखा गया। आज के कारोबार में गिरावट वाले शेयरों में गुजरात अंबुजा एक्सपोर्ट्स 5.09%, पीएनबी (PNB) 5.04%, चंबल फर्टिलाइजर 4.46% और सोलारा एक्टिव 4.11% तक के नुकसान के साथ बंद हुए। चढ़ने वाले शेयरों में गुजरात फ्लोरो 6.69%, असाही इंडिया ग्लास 5.32%, ऑलकार्गो लॉजिस्टिक्स 3.72% और रूट मोबाइल 3.45% तक की मजबूती के साथ बंद हुए।

(शेयर मंथन 28 सितंबर, 2022)