हिंदुस्तान यूनिलीवर के चौथी तिमाही के नतीजों को आईसीआईसीआई डायरेक्ट ने अच्छा बताया है, पर कमोडिटी भावों में महँगाई आने की आशंका को कंपनी की लाभदायकता के लिए प्रमुख जोखिम माना है।
भारत की सबसे बड़ी एफएमसीजी कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर की कंसोलिडेटेड आमदनी 2025-26 की चौथी तिमाही में 7.6% बढ़ कर 16,351 करोड़ रुपये रही। कामकाजी मुनाफा (ऑपरेटिंग प्रॉफिट) 6.1% बढ़ा, जबकि समायोजित शुद्ध लाभ (ऐडजस्टेड पैट) 3.6% बढ़ कर 2,711 करोड़ रुपये रहा। इसके ग्रॉस मार्जिन में कमी आयी, पर विज्ञापन-व्यय में कटौती और अन्य बचतों से कंपनी ने एबिटा मार्जिन 23.5% पर स्थिर रखा।
आईसीआईसीआई डायरेक्ट ने कहा है कि कंपनी के अच्छे नतीजों में अनुमानों से बेहतर मात्रात्मक वृद्धि (वॉल्यूम ग्रोथ) का मुख्य योगदान है। मात्रात्मक वृद्धि तीसरी तिमाही के 4% से बढ़ कर चौथी तिमाही में 6% हो गयी। इस ब्रोकिंग फर्म ने एचयूएल को 2027-28 की अनुमानित ईपीएस पर 46 पीई के मूल्यांकन के आधार पर 2,460 का लक्ष्य बताते हुए होल्ड यानी रखे रहने की सलाह दी है। (शेयर मंथन, 3 मई 2026)
Add comment