घट सकती हैं सोयाबीन की कीमतें, सरसों के सीमित दायरे में रहने की संभावना - एसएमसी

सोयाबीन वायदा (दिसंबर) की कीमतों के नरमी के रुझान के साथ 3,300-3,290 रुपये तक लुढ़कने की संभावना है।

बेंचमार्क इंदौर बाजार में सोयाबीन की कीमतें 50 रुपये की गिरावट के साथ 3,100-3,200 रुपये प्रति 100 किलो ग्राम हो गयी हैं। सोयामील की कीमत भी 300 रुपये की गिरावट के साथ 27,500 रुपये प्रति टन हो गयी हैं। अमेरिका और चीन के बीच विवाद के बावजूद चीन द्वारा भारत से सोयामील का आयात नही किये जाने से सोयाबीन की कीमतों पर दबाव पड़ रहा है। अमेरिका और चीन के बीच विवाद के लंबा चलने की आशंका से अमेरिकी सोयाबीन की कीमतों में भी गिरावट हुई है।
सरसों वायदा (दिसंबर) की कीमतों 3,980-4,040 रुपये के दायरे में सीमित दायरे में कारोबार करने की संभावना है और कीमतों में बढ़त पर रोक लगी रह सकती है। चीन की ओर से सरसोंमील के आयात को लेकर कोई नया करार नही किये जाने के कारण सरसों की पेराई में गिरावट हुई है। चीन ने अक्टूबर में भारतीय सरसोंमील के आयात को मंजूरी दी थी। अधिक कीमतों पर सरसों तेल की कम माँग के बीच मौजूदा रबी सीजन में बुआई में तेजी के कारण सेंटीमेंट उत्साहजनक नहीं हैं।
सीपीओ (दिसंबर) वायदा कीमतों के 483-495 रुपये के दायरे में कारोबार करने की संभावना है। इंडोनेशिया ने कच्चे पॉम तेल के निर्यात पर लेवी को 50 डॉलर प्रति टन से कम करके शून्य करने का फैसला किया है। इस फैसले से अंतरराष्ट्रीय बाजार में मलेशियन पॉम ऑयल की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है। (शेयर मंथन, 05 दिसंबर 2018)