सर्राफा की कीमतों में रह सकती है अस्थिरता - एसएमसी

सर्राफा की कीमतों में अस्थिरता रहने की संभावना है, जबकि उच्च स्तर पर मुनाफा वसूली हो सकती है।

चीन और अमेरिका के बीच वॉशिंगटन में हुई डिप्टी स्तरीय व्यापार वार्ता में कोई प्रगति नहीं हुई है और चीन का प्रतिनिधि मंडल पहले के कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार के बजाय गुरुवार को ही वॉशिंगटन से लौटने पर विचार कर रहा है। इस हफ्ते व्यापार वार्ता में किसी बड़ी सफलता की उम्मीद समाप्त हो गयी है और अमेरिकी प्रशासन ने चीन के कुछ आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस से संबंधित स्टार्ट-अप सहित कई कंपनियों को ब्लैक लिस्ट में डालने का फैसला किया है। इस व्यापार वार्ता के कारण अमेरिका ने चीन के 250 अरब डॉलर के उत्पादों पर 25% शुल्क को बढ़ा कर 30% करने की योजना को 15 अक्टूबर तक टाल दिया था।
एमसीएक्स में सोना की कीमतों को 38,250 रुपये पर सहारा और 38,700 रुपये पर बाधा रह सकता है। चांदी की कीमतों को 45,700 रुपये पर सहारा और 46,500 रुपये पर अड़चन रह सकता है। सोने की कीमतों में दो दिनों की गिरावट के बाद बढ़त दर्ज की गयी है। फेड चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने कहा है कि वैश्विक आर्थिक जोखिमों को देखते हुए फिर से दरों में कटौती का विकल्प खुला हुआ है। (शेयर मंथन, 10 अक्टूबर 2019)