एक निवेशक जानना चाहते हैं कि उन्हें बोरोसिल साइंटिफिक (Borosil Scientific) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? उनका खरीद भाव 188 रुपये है और नजरिया लंबी अवधि का लग रहा है । आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि मौजूदा बाजार माहौल को देखें तो कुल मिलाकर मार्केट ही सस्ता नहीं है। जब इंडेक्स 22 गुना के आसपास के वैल्यूएशन पर ट्रेड कर रहा हो, तो ज्यादातर शेयर सस्ते नहीं मिलते। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हर शेयर में वैल्यूएशन का रिस्क नजरअंदाज कर दिया जाए।
बोरोसिल साइंटिफिक की वैल्यूएशन तस्वीर फिलहाल काफी महंगी दिखाई देती है। यह स्टॉक लगभग 50-51 गुना के पी/ई मल्टीपल पर ट्रेड कर रहा है, जबकि कंपनी के रिटर्न रेशियो कमजोर हैं। आरओई 7% से कम है, आरओसी करीब 10% के आसपास है और ऑपरेटिंग मार्जिन भी बहुत मजबूत नहीं हैं। ग्रोथ के मोर्चे पर देखें तो तिमाही आधार पर सेल्स कभी निगेटिव रही है और कभी 4% के आसपास की मामूली बढ़त दिखी है। सालाना स्तर पर भी सेल्स ग्रोथ लगभग फ्लैट रही है। ऐसी स्थिति में 50 गुना से ज्यादा का वैल्यूएशन देना तर्कसंगत नहीं लगता और इसमें जोखिम को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।
साफ शब्दों में कहें तो कम ग्रोथ और कमजोर मार्जिन वाली कंपनी को इतना ऊंचा वैल्यूएशन देना निवेश के नजरिए से एक बड़ी गलती मानी जा सकती है। भले ही शेयर का दाम तुरंत गिरे या न गिरे, लेकिन फंडामेंटल के आधार पर इसमें जोखिम बना रहता है। वैल्यूएशन के हिसाब से यह शेयर तभी कुछ हद तक आकर्षक लग सकता है जब इसमें कम से कम 25% के आसपास की गिरावट आए। तब भी अगर भविष्य में ग्रोथ तेज नहीं होती है, तो लंबे समय तक इसमें फंसे रहने का जोखिम रहेगा। 5-8% की सेल्स ग्रोथ वाली कंपनियों को आमतौर पर 10–15 गुना से ज्यादा का वैल्यूएशन देना भी मुश्किल से जस्टिफाई होता है, जबकि यहां मामला 50 गुना के आसपास का है।
इसी समूह की दूसरी कंपनी बोरोसिल लिमिटेड की तस्वीर तुलनात्मक रूप से बेहतर नजर आती है। बोरोसिल लिमिटेड का फोकस कंज्यूमर और साइंटिफिक ग्लासवेयर जैसे सेगमेंट पर है, जहां डिमांड को सीधे तौर पर इकॉनमी ग्रोथ और कंजम्पशन ग्रोथ से जोड़ा जा सकता है। इस तरह के सेगमेंट में 30–40 गुना का वैल्यूएशन बाजार आमतौर पर स्वीकार कर लेता है, क्योंकि यहां ग्रोथ का रास्ता ज्यादा साफ दिखाई देता है। वहीं बोरोसिल साइंटिफिक में वह स्पष्ट ग्रोथ पाथ फिलहाल नजर नहीं आ रहा है, यही वजह है कि दोनों कंपनियों के वैल्यूएशन और परफॉर्मेंस में बड़ा फर्क दिखता है।
(शेयर मंथन, 10 फरवरी 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)