कच्चे तेल की कीमतों में सुस्ती के संकेत - एसएमसी

कच्चे तेल की कीमतों में नरमी का रुझान रहने की संभावना है।
बढ़ती आपूर्ति के बीच विश्व स्तर पर आर्थिक धीमेपन की संभावना से माँग में कमी की आशंका के कारण आज तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गयी। अक्टूबर के प्रारंभ से अमेरिकी कच्चे तेल की कीमतों में 20% की गिरावट हुई है।
ईरान पर प्रतिबंध के कारण तेल बाजार में आपूर्ति की कमी का असर पहले ही समाप्त हो चुका है। कच्चे तेल की कीमतों को 4,400 रुपये पर सहारा और 4,470 रुपये के करीब बाधा रह सकती है।
नेचुरल गैस वायदा की कीमतों के सीमित दायरे में कारोबार करने की संभावना है और कीमतें 252-261 रुपये के दायरे में कारोबार कर सकती है। अमेरिका में अधिक ठंड के बाद हीटिंग के लिए गैस की माँग में बढ़ोतरी की संभावना के कारण गुरुवार को अमेरिकी नेचुरल गैस वायदा की कीमतें नौ महीने के उच्चतम स्तर पर बरकरार है। अमेरिकी ऊर्जा विभाग के अनुसार 2 नवंबर को समाप्त हफ्ते में अमेरिकी गैस भंडार में 65 बिलियन क्यूबिक फीट में बढ़ोतरी हुई है। (शेयर मंथन, 09 नवंबर 2018)