शुक्रवार को भी अमेरिकी शेयर बाजार में रही गिरावट

गुरुवार की भारी गिरावट के बाद कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन शुक्रवार को भी अमेरिकी शेयर बाजार के दिग्गज सूचकांकों में कमजोरी दर्ज की गयी।

डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones Industrial Average) पिछले बंद स्तर 28,292.73 के मुकाबले शुक्रवार को 159.42 अंकों या 0.56% की कमजोरी के साथ 28,133.31 पर बंद हुआ। हालाँकि इससे पहले यह नीचे की ओर 27,664.68 तक फिसल गया था, लेकिन उसके बाद यह निचले स्तरों से सँभल गया। इससे पहले गुरुवार को डॉव जोंस में 807.77 अंकों की गिरावट दर्ज की गयी थी।
नैस्डैक कंपोजिट (Nasdaq Composite) गुरुवार के बंद स्तर 11,458.10 के मुकाबले शुक्रवार को फिसल कर नीचे की ओर 10,875.87 तक चला गया। कल के कारोबार में यह 144.97 अंकों या 1.27% की गिरावट के साथ 11,313.13 पर बंद हुआ। इससे पहले गुरुवार को नैस्डैक कंपोजिट में 598.34 अंकों का भारी नुकसान दर्ज किया गया था।
एसऐंडपी 500 (S&P 500) शुक्रवार को 28.10 अंकों या 0.81% की कमजोरी के साथ 3,426.96 पर बंद हुआ। गुरुवार को इसमें 125.78 अंकों की गिरावट दर्ज की गयी थी। (शेयर मंथन, 05 सितंबर 2020)