आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) ने चंदा कोचर (Chanda Kochhar) पर लगे इल्जामों के मामले में अमेरिकी बाजार नियामक सिक्योरिटीज ऐंड एक्सचेंज कमिशन (एसईसी) की ओर से कोई भी विशिष्ट संदेश मिलने से इंकार किया है।
आईसीआईसीआई बैंक और इसकी मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंदा कोचर के एसईसी के जाँच के घेरे में होने की खबर के मामले में बीएसई ने बैंक से जवाब माँगा था, जिसके उत्तर में बैंक ने यह जानकारी दी है। खबर थी कि एसईसी को अमेरिका में संस्थागत निवेशकों की ओर से कॉर्पोरेट संचालन और जानकारी देने से संबंधित मामलों में शिकायत मिली है।
वीडियोकॉन (Videocon) सहित कुछ कंपनियों को ऋण देने के मामले में चंदा कोचर पर 'हितों के टकराव' और 'सेवा के बदले लाभ' लेने के आरोप हैं। इस मामले में कोचर के खिलाफ जाँच चल रही है।
उधर आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 286.75 रुपये के पिछले बंद स्तर के मुकाबले 287.15 रुपये पर खुलने के बाद यह 285.75 रुपये और 289.15 रुपये के दायरे में रहा है। 1.30 बजे के करीब बैंक का शेयर 0.95 रुपये या 0.33% की कमजोरी के साथ 285.80 रुपये पर चल रहा है। (शेयर मंथन, 12 जून 2018)