साल दर साल आधार पर चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में पेंट कंपनी बर्जर पेंट्स (Berger Paints) के मुनाफे में 19% की बढ़ोतरी हुई है।
बर्जर पेंट्स को वित्त वर्ष 2018-19 की पहली तिमाही में 134.88 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 112.88 करोड़ रुपये रहा था। इस दौरान कंपनी की शुद्ध आमदनी 1,363.51 करोड़ रुपये से 8.76% बढ़ कर 1,483.01 करोड़ रुपये हो गयी। हालाँकि कंपनी ने कहा है कि जीएसटी के कारण इसकी आमदनी तुलनीय नहीं है।
गौरतलब है कि 27 जुलाई से सरकार ने पेंट पर जीएसटी की दर 28% से घटा कर 18% कर दी, जिसका लाभ कंपनी ने उपभोक्ताओं को पहुँचाते हुए कीमतें घटायी हैं। वहीं बर्जर पेंट्स ने उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में क्षमता विस्तार के लिए 2021 तक 280 करोड़ रुपये के पूँजीगत व्यय की योजना बनायी है।
उधर शुक्रवार को बीएसई में बर्जर पेंट्स का शेयर सपाट बंद हुआ। कंपनी का शेयर शुरुआती सत्र में 319.90 रुपये का ऊपरी स्तर छू कर 0.05 रुपये या 0.02% की बेहद हल्की वृद्धि के साथ 314.30 रुपये पर रहा। वहीं इसके 52 हफ्तों का शिखर 325.35 रुपये और निचला स्तर 230.80 रुपये रहा है। (शेयर मंथन, 04 अगस्त 2018)