प्रमुख एफएमसीजी कंपनी नेस्ले इंडिया (Nestle India) ने ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट (Flipkart) के साथ साझेदारी की है।
कंपनी ने यह साझेदारी मैगी स्पेशल मसाला नूडल्स पेश करने के लिए की है। दोनों कंपनियों के बीच हुए करार के अनुसार उपभोक्ता मंगलवार 21 अगस्त से फ्लिपकार्ट पर मैगी स्पेशल मसाला नूडल्स की प्री-बुकिंग कर सकेंगे। यह उत्पाद 25-30 अगस्त तक विशेष रूप से फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध होगा, जबकि इसके बाद यह देश भर में नेस्ले के नेटवर्क पर भी मिलेगा।
उधर बीएसई में नेस्ले इंडिया का शेयर 10,876.80 रुपये के पिछले बंद स्तर के मुकाबले आज गिरावट के साथ 10,830.90 रुपये पर खुला। डेढ़ बजे के करीब यह एक तीखी उछाल के साथ 10,988.85 रुपये के ऊपरी स्तर तक चढ़ा, मगर वहाँ जमा नहीं रह सका। अंत में नेस्ले का शेयर 9.80 रुपये या 0.09% की हल्की गिरावट के साथ 10,867.00 रुपये पर बंद हुआ। (शेयर मंथन, 21 अगस्त 2018)