विनीता झा जानना चाहते हैं कि उन्हें सन टीवी (Sun TV Network) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? उन्होंने 560 रुपये के आसपास खरीदा है और एक साल के नजरिया है। आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि बुनियादी तौर पर कंपनी के नतीजों में स्थिरता की कमी सबसे बड़ी चिंता है। कभी दो तिमाहियों में अच्छी ग्रोथ दिखती है तो उसके बाद बिक्री में गिरावट या ठहराव आ जाता है। इस तरह की असंगत कमाई के कारण लंबी अवधि का ठोस भरोसा बन पाना मुश्किल हो जाता है।
तकनीकी चार्ट पर भी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। शेयर में एक तरह का हेड एंड शोल्डर जैसा ढांचा दिखाई देता है, लेकिन नेकलाइन के नीचे टिकाऊ ब्रेकडाउन नहीं हो रहा। कई बार सपोर्ट टूटने जैसा लगता है, फिर कीमत संभल जाती है। इससे स्पष्ट ट्रेंड बन नहीं पा रहा, जिसके आधार पर बड़े लक्ष्य तय किए जा सकें। यही वजह है कि इसे फिलहाल “टैक्टिकल बाय” की तरह देखा जा सकता है यानी जोखिम का स्तर पहले से तय कर के निवेश किया जाए। अगर तेजी बनी रहती है तो लाभ लिया जा सकता है, लेकिन कमजोरी आने पर बाहर निकलने की तैयारी भी रखनी चाहिए।
व्यापक नजरिए से देखें तो मीडिया सेक्टर ने पिछले एक दशक में निवेशकों के लिए बहुत अधिक वेल्थ क्रिएशन नहीं किया है। पारंपरिक टीवी, प्रिंट और केबल नेटवर्क मॉडल पर डिजिटल प्लेटफॉर्म का दबाव बढ़ा है। कुछ कंपनियां खुद को नए कंटेंट और ओटीटी मॉडल के अनुरूप ढालने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन पूरे सेक्टर की धारणा अब भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। कई मामलों में आकर्षक वैल्यूएशन बाद में “वैल्यू ट्रैप” साबित हुए हैं, जहां कारोबार चलता रहा लेकिन शेयरधारकों को अपेक्षित रिटर्न नहीं मिला।
ऐसे में एक साल की अवधि के लिए सन टीवी को होल्ड करना पूरी तरह गलत नहीं कहा जा सकता, लेकिन इसे उच्च विश्वास वाला निवेश भी नहीं माना जा सकता। बेहतर होगा कि निवेशक नतीजों में लगातार सुधार और स्थिर ग्रोथ के संकेतों का इंतजार करें। जब तक कमाई में स्पष्ट ट्रेंड नहीं दिखता, तब तक इसमें सीमित जोखिम और अनुशासित रणनीति के साथ ही आगे बढ़ना समझदारी होगी।
(शेयर मंथन, 16 फरवरी 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)