हाल ही में बाजार में आई तेजी ने निवेशकों के बीच एक नई उम्मीद जरूर जगाई है। भले ही बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है, लेकिन अब स्थिति पहले से थोड़ी स्थिर होती दिख रही है।
ट्रेड स्क्रिप्ट ब्रोकिंग के निदेशक संदीप जैन का कहमा है कि निफ्टी का 24,000 के ऊपर टिके रहना अपने आप में एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है, हालांकि दिन के दौरान अभी भी कमजोरी और प्रॉफिट बुकिंग देखने को मिल रही है। संदीप जैन के अनुसार, बाजार का सबसे खराब दौर 30 मार्च को देखने को मिला था, जब दोपहर के समय भारी गिरावट और घबराहट का माहौल बना हुआ था। उस समय निवेशकों को भारी नुकसान (M2M) झेलना पड़ा, लेकिन वही स्तर बाजार के लिए एक मजबूत बॉटम साबित हुआ। इसके बाद धीरे-धीरे बाजार ने स्थिरता पकड़नी शुरू की। उनका मानना है कि वैश्विक अनिश्चितताएं, जैसे ट्रंप की नीतियां या मिडिल ईस्ट के तनाव, अब बाजार पर पहले जितना गहरा असर नहीं डाल रहे हैं, क्योंकि निवेशकों ने इन जोखिमों को काफी हद तक “प्राइस इन” कर लिया है।
उन्होंने यह भी बताया कि हालिया गिरावट के दौरान कई सेक्टर्स, खासकर आईटी, अपने लंबे समय के महत्वपूर्ण स्तरों जैसे 100 मंथली एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज तक आ गए थे, जो पिछले कई सालों के लो के बराबर था। ऐसे में यह गिरावट एक बड़े निवेश अवसर के रूप में सामने आई। सही वैल्यूएशन पर खरीदारी करने वाले निवेशकों को इसका फायदा भी मिला, क्योंकि उसके बाद बाजार में अच्छा बाउंस देखने को मिला।
आगे की रणनीति पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि बाजार में अभी भी पूरी तरह बेफिक्री नहीं बरतनी चाहिए। ऊपरी स्तरों पर प्रॉफिट बुकिंग आ सकती है, लेकिन कुल मिलाकर माहौल पहले से बेहतर हो रहा है। विदेशी निवेशकों (FII) का रुख भी धीरे-धीरे सकारात्मक होता दिख रहा है, और उनकी बेयरिश पोजीशन कम हो रही है। यह एक अच्छा संकेत है कि बाजार में भरोसा लौट रहा है।
बाजार ने काफी हद तक नकारात्मक खबरों को पचा लिया है और अब स्थिरता की ओर बढ़ रहा है। हालांकि, किसी बड़े वैश्विक झटके की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन मौजूदा हालात में निवेशकों के लिए यह समय सतर्क रहते हुए अच्छे स्टॉक्स में चुनिंदा निवेश करने का है, क्योंकि अवसर अभी भी खत्म नहीं हुए हैं।
(शेयर मंथन, 17 अप्रैल 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)