एशियाई बाजारों में सुस्ती, निवेशकों का ध्यान चीन-अमेरिका वार्ता के नये दौर पर

मंगलवार को एशियाई बाजारों में सुस्ती देखने को मिल रही है। जापान के निक्केई को छोड़ कर अन्य प्रमुख एशियाई बाजारों में कोई खास बदलाव नहीं है।

जानकारों के मुताबिक निवेशकों का ध्यान चीन-अमेरिका वार्ता के नये दौर पर केंद्रित है। अमेरिका और चीनी अधिकारियों ने सोमवार को उम्मीद जतायी है कि वार्ता के एक नये दौर से महीनों से चले आ रहे व्यापार युद्ध को कम करने में मदद मिलेगी।
भारतीय समय के अनुसार सुबह 8.38 बजे जापान का निक्केई (Nikkei) 412.11 अंक या 2.03% की जोरदार तेजी के साथ 20,745.28 पर है। दूसरी ओर हांग कांग का हैंग-सेंग (Hang Seng) 26.36 अंक या 0.09% की कमजोरी के साथ 28,117.47 पर चल रहा है। वहीं चीन के शंघाई कंपोजिट (Shanghai Composite) में 0.32% की बढ़त है, जबकि सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स (Straits Times) सपाट स्थिति में है।
इसके अलावा दक्षिण कोरिया के कॉस्पी (Kospi) में 0.29% और ताइवान के ताइवान वेटेड (Taiwan Weighted) में 0.64% की बढ़ोतरी है। (शेयर मंथन, 12 फरवरी 2019)