क्या 2026 में ही अपने चरम पर पहुँच जायेगा एआई में निवेश का दौर?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर दुनियाभर में जारी निवेश की होड़ अब एक नये मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है।

पिछले कुछ वर्षों में बड़ी टेक कंपनियों ने एआई इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सेंटर, चिप्स और क्लाउड कंप्यूटिंग पर अरबों डॉलर खर्च किए हैं। हालाँकि, अब इस भारी-भरकम निवेश की आर्थिक उपयोगिता और उससे मिलने वाले रिटर्न पर सवाल उठने लगे हैं। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेफरीज की 5 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, AI में पूंजीगत खर्च (कैपेक्स) का मौजूदा दौर 2026 में अपने चरम पर पहुंच सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि बाजार में एआई से जुड़ी कंपनियों को फंडिंग देने की इच्छा कमजोर पड़ रही है और निवेशकों का ध्यान अब इस बात पर है कि कंपनियां अपने भारी निवेश से कितना वास्तविक मुनाफा कमा पाएंगी।

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका की चार प्रमुख टेक कंपनियां माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, अल्फाबेट और मेटा AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार खर्च बढ़ा रही हैं। इन कंपनियों का संयुक्त कैपेक्स 2026 में करीब 1.04 लाख करोड़ डॉलर रहने का अनुमान है। हालांकि, वित्तीय बाजारों में बढ़ती चिंता संकेत दे रही है कि अगले साल यह खर्च मौजूदा अनुमानों जितना बड़ा नहीं रह सकता। रिपोर्ट में बताया गया है कि अमेरिका की अर्थव्यवस्था को गति देने में एआई निवेश की भूमिका असाधारण रही है। 2026 की तीसरी तिमाही तक के चार तिमाहियों में एआई से संबंधित निवेश ने अमेरिका की वास्तविक जीडीपी वृद्धि में 1.39% अंक का योगदान दिया, जो कुल 2.1% की आर्थिक वृद्धि का करीब 67% है। वहीं, सूचना प्रसंस्करण उपकरण और सॉफ्टवेयर पर निवेश बढ़कर अमेरिका की नॉमिनल जीडीपी का 5.35 फीसदी हो गया, जो ऐतिहासिक स्तर है।

एआई निवेश को लेकर बढ़ती चिंता का एक बड़ा कारण कंपनियों की वित्तीय स्थिति भी है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेजन और अल्फाबेट का फ्री कैश फ्लो 2026 की तीसरी तिमाही में क्रमशः 35 अरब डॉलर और 9 अरब डॉलर निगेटिव रहा। इसके बावजूद दोनों कंपनियाँ एआई और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च जारी रखने की योजना बना रही हैं। इसी तिमाही में माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, गूगल और मेटा का संयुक्त कैपेक्स सालाना आधार पर 108 फीसदी बढ़कर 202 अरब डॉलर पहुंच गया। माइक्रोसॉफ्ट ने 2026 के लिए अपने कैपेक्स अनुमान को 175 अरब डॉलर से घटाकर 170 अरब डॉलर किया है, जबकि अमेजन ने 220 अरब डॉलर और अल्फाबेट ने 195-205 अरब डॉलर का अनुमान बरकरार रखा है। मेटा ने अपना अनुमान बढ़ाकर 135-145 अरब डॉलर कर दिया है।

रिपोर्ट में इस बात पर भी चिंता जताई गई है कि एआई का तेजी से विस्तार कुछ कंपनियों के पुराने कारोबार को प्रभावित कर सकता है। अल्फाबेट के मामले में गूगल सर्च से होने वाली आय की वृद्धि धीमी हुई है, जबकि गूगल क्लाउड का कारोबार तेजी से बढ़ा है। 2026 की तीसरी तिमाही में गूगल सर्च का रेवेन्यू सालाना आधार पर 12% बढ़ कर 63 अरब डॉलर रहा, जबकि गूगल क्लाउड का रेवेन्यू 103% उछलकर 30.7 अरब डॉलर पहुंच गया। इसी तरह अमेजन के ऑनलाइन स्टोर से होने वाली आय में केवल 2 फीसदी की वृद्धि हुई, जबकि AWS का रेवेन्यू 39% बढ़ा। इससे संकेत मिलता है कि कंपनियों के लिए AI और क्लाउड कारोबार का महत्व बढ़ रहा है, लेकिन उनके पारंपरिक बिजनेस पर इसका क्या असर होगा, यह भी एक बड़ा सवाल बन गया है।

एआई निवेश को लेकर क्रेडिट मार्केट में भी दबाव के संकेत दिखाई दे रहे हैं। अमेजन, अल्फाबेट और मेटा के 10 साल के कॉरपोरेट बॉन्ड यील्ड स्प्रेड में हाल के निचले स्तर से बढ़ोतरी हुई है। वहीं, ओरेकल और CoreWeave जैसी कंपनियों के क्रेडिट डिफॉल्ट स्वैप (CDS) स्प्रेड में भी तेज उछाल आया है। जेफरीज के मुताबिक, AI इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश के लिए कर्ज और निजी क्रेडिट पर निर्भरता बढ़ रही है। डेटा सेंटर के वित्तपोषण में भी ऑफ-बैलेंस शीट व्यवस्था और विशेष निवेश इकाइयों का इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे में अगर निवेशकों और कर्ज देने वाली संस्थाओं का भरोसा कमजोर पड़ता है, तो AI कंपनियों के लिए पूंजी जुटाना मुश्किल हो सकता है।

रिपोर्ट में अमेरिका और चीन के एआई मॉडल के बीच निवेश के नजरिए का अंतर भी सामने रखा गया है। चीन की कंपनियां सीमित कंप्यूटिंग संसाधनों के बावजूद लागत कम रखने और व्यावहारिक एआई एप्लीकेशन विकसित करने पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं। इसके मुकाबले अमेरिका की कई बड़ी कंपनियों का निवेश बड़े एआई मॉडल और आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस (AGI) की दिशा में केंद्रित रहा है। जेफरीज के मुताबिक, अमेरिकी कंपनियों का कैपेक्स उनके क्लाउड रेवेन्यू का करीब 130% है, जबकि चीन की अलीबाबा और टेनसेंट जैसी कंपनियों के मामले में यह अनुपात लगभग 100% है। रिपोर्ट यह भी बताती है कि चीन का एआई सेमीकंडक्टर टॉप-10 इंडेक्स जून 2026 के शिखर से करीब 50 फीसदी गिर चुका है। इससे स्पष्ट है कि एआई निवेश को लेकर बाजार में उतार-चढ़ाव केवल अमेरिका तक सीमित नहीं है।

हालाँकि, रिपोर्ट का निष्कर्ष यह नहीं है कि एआई का विकास या इसकी माँग खत्म हो रही है। बल्कि संकेत यह हैं कि निवेश का मौजूदा चक्र अपने चरम पर पहुँच सकता है या इसमें कुछ समय के लिए सुधार देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट में एआई के हेल्थकेयर और दवा विकास जैसे क्षेत्रों को भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया गया है। दवाओं की खोज और विकास में एआई का इस्तेमाल एक ऐसा क्षेत्र है, जहाँ तकनीक का व्यावसायिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर बड़ा प्रभाव हो सकता है। ऐसे में निवेशकों के लिए केवल डेटा सेंटर और चिप कंपनियों पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय AI के वास्तविक इस्तेमाल और उससे पैदा होने वाले कारोबार के अवसरों को समझना भी जरूरी होगा। कुल मिलाकर, आने वाला समय एआई कंपनियों के लिए केवल निवेश बढ़ाने का नहीं, बल्कि उस निवेश से टिकाऊ कमाई और बेहतर रिटर्न साबित करने का होगा।

(शेयर मंथन, 09 नवंबर 2026)