निफ्टी (Nifty) चढ़ कर 7,264 पर, सेंसेक्स (Sensex) 241अंक चढ़ा

कारोबारी हफ्ते के पहले दिन भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक मजबूती के साथ बंद हुए।

लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को स्पष्ट बहुमत मिलने से बाजार को बल मिला। 

कारोबार के अंत में सेंसेक्स (Sensex) 241 अंक यानी 1.00% की मजबूती के साथ 24,363 पर रहा। निफ्टी 61 अंक यानी 0.84% की बढ़त के साथ 7,264 पर बंद हुआ। सीएनएक्स मिडकैप (CNX Midcap) में 4.44% की मजबूती रही। बीएसई मिडकैप (BSE Midcap) में 41.9% और बीएसई स्मॉलकैप (BSE Smallcap) में 5.83% की तेजी रही। क्षेत्रों के लिहाज से आज पावर और कैपिटल गुड्स में सबसे ज्यादा खरीदारी का रुख रहा।

मिले-जुले एशियाई संकेतों के बीच घरेलू बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। हालाँकि कारोबार के शुरुआती मिनटों में ही बाजार की मजबूती कम होती चली गयी। कारोबार के दूसरे घंटे में बाजार बढ़त गँवा कर लाल निशान पर फिसल गया। निफ्टी 7,200 के स्तर से नीचे फिसल गया। इस दौरान सेंसेक्स 24,108 और निफ्टी 7,194 दिन के निचले स्तरों तक लुढ़क गये। हालाँकि जल्द ही बाजार हरे निशान पर लौट आया। निफ्टी अपने मनोवैज्ञानिक स्तर से ऊपर लौट आया। कमजोर यूरोपीय संकेतों के बावजूद घरेलू बाजार की मजबूती बढ़ती चली गयी। दोपहर के कारोबार में बाजार का जोश बढ़ता चला गया। इस दौरान सेंसेक्स 24,448 और निफ्टी 7,291 दिन के ऊपरी स्तरों तक चढ़ गये। हालाँकि कारोबार के आखिरी घंटे में बाजार की तेजी में थोड़ी कमी आयी। आखिरकार सेंसेक्स-निफ्टी आज के कारोबार में मजबूती के साथ बंद हुए।  

क्षेत्रों के लिहाज से आज पावर क्षेत्र में सबसे ज्यादा 10.15% की शानदार तेजी रही। कैपिटल गुड्स में 8.34%, रियल्टी में 6.91%, धातु में 6.81%, तेल-गैस में 5.26%, बैंकिंग में 2.61% और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 2.00% की मजबूती रही। ऑटो में 0.11% की बढ़त रही। दूसरी ओर, आईटी में 4.95% की तेज गिरावट रही। एफएमसीजी में 4.00%, हेल्थकेयर में 3.66% और टीईसीके में 3.46% की गिरावट रही। (शेयर मंथन, 19 मई 2014)