शुक्रवार को थमी बाजार की गिरावट, सेंसेक्स (Sensex) 82 अंक चढ़ा

शुक्रवार 08 जनवरी 2016 को भारतीय शेयर बाजार में हरियाली नजर आयी और बीते चार दिनों से चल रही गिरावट का सिलसिला थम गया। हालाँकि बीएसई का सेंसेक्स (Sensex) आज के सत्र में कुछ देर के लिए 25,000 के ऊपर गया, मगर इसके बाद लगातार नीचे ही बना रहा। सेंसेक्स पिछले बंद स्तर 24,851.83 की तुलना में 24,969.02 पर खुला और उसके बाद पूरे सत्र में हरे निशान में ही चलता रहा। ऊपर की ओर यह 25,083.55 के स्तर तक चढ़ा और इसका निचला स्तर 24,887.22 का रहा। अंत में यह 82.50 अंक या 0.33% की बढ़त के साथ 24,934.33 पर बंद हुआ। एनएसई का निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 33.05 अंक या 0.44% की बढ़त हासिल कर 7,601.35 पर बंद हुआ।
छोटे-मँझोले शेयरों में भी मजबूती बनी रही और इनके सूचकांक सेंसेक्स एवं निफ्टी 50 की तुलना में कहीं ज्यादा तेजी से चढ़े। बीएसई मिडकैप में 1.32% और बीएसई स्मॉलकैप में 1.24% की बढ़त दर्ज की गयी। इसी तरह एनएसई में भी निफ्टी मिडकैप 100 ने 1.21% और निफ्टी स्मॉल 100 ने 1.52% की तेजी दिखायी।
सेंसेक्स के 30 में से 17 शेयरों ने मजबूती हासिल की। निफ्टी 50 के 50 में से 33 शेयर हरे निशान में रहे। सेंसेक्स में सबसे ज्यादा तेजी टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, एनटीपीसी, रिलायंस, आईटीसी और टीसीएस में आयी। दूसरी ओर सिप्ला, एलऐंडटी, बजाज ऑटो, कोल इंडिया, अदाणी पोर्ट्स और मारुति में सबसे ज्यादा कमजोरी रही। (शेयर मंथन, 08 जनवरी 2016)