अमेरिकी बाजार में बढ़त और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में वृद्धि से संबंधित बयान से एशियाई बाजारों में भी आज मजबूत शुरुआत हुई है।
साथ ही डॉलर के तीन महीनों के उच्च स्तर के आस-पास पहुँचने से भी एशियाई बाजार को सहारा मिल रहा है। आज चीन के शंघाई कंपोजिट को छोड़ कर बाकी सभी एशियाई बाजार के प्रमुख सूचकांक हरे निशान पर हैं। भारतीय समय के मुताबिक 8.34 बजे जापान का निक्केई (Nikkei) 234.52 अंक या 1.22% की बढ़त के साथ 19,473.50 के स्तर पर है। दूसरी ओर हांग कांग का हैंग-सेंग (Hang Seng) 220.19 अंक या 0.93% की बढ़त के साथ 23,923.20 पर है। चीन का शंघाई कंपोजिट (Shanghai Composite) 0.09% की गिरावट दिखा रहा है। सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स (Straits Times) 0.44% की बढ़त के साथ हरे निशान पर चल रहा है। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी (Kospi) भी 0.44% की मजबूती के साथ हरे निशान पर है। वहीं ताइवान का ताइवान वेटेड (Taiwan Weighted) 0.35% की मजबूती के साथ हरे निशान पर है। (शेयर मंथन, 15 फरवरी 2017)