बुधवार को फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में 25 आधार अंकों की वृद्धि के बाद अमेरिकी बाजार मिला-जुला बंद हुआ।
मुद्रास्फीति में गिरावट के बावजूद फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में वृद्धि की है। वहीं तकनीकी शेयरों में फिर से गिरावट के कारण नैस्डेक कंपोजिट लाल निशान में रहा। हालाँकि तकनीकी सेक्टर अभी भी 2017 में 18% की बढ़त बनाये हुए है। इसके अलावा बुधवार को आये नये आँकड़ों के मुताबिक मई में अमेरिकी उपभोक्ता कीमतों में अप्रत्याशित रूप से गिरावट आयी और खुदरा बिक्री 16 महीने में सबसे अधिक घटी।
बुधवार को डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones Industrial Average) 46.09 अंक (0.22%) की बढ़त के साथ 21,374.56 पर बंद हुआ। वहीं नैस्डैक कंपोजिट (Nasdaq Composite) 25.48 अंक या 0.41% की कमजोरी के साथ 6,194.89 पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 (S&P 500) में भी 2.43 अंक (0.10%) की मामूली गिरावट आयी और यह 2,437.92 पर बंद हुआ। इसके अलावा कल अमेरिकी बाजार में कच्चे तेल के भाव में 3.87% की भारी गिरावट दर्ज की गयी और डब्लूटीआई क्रूड 44.73 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। वहीं कल यूरोपीय बाजार भी कमजोरी के साथ हुआ। (शेयर मंथन, 15 जून 2017)