एशियाई बाजारों में जोरदार बिकवाली, 356 अंक फिसला निक्केई

गुरुवार को शुरुआती कारोबार में एशियाई बाजारों में जोरदार बिकवाली देखने को मिल रही है।

सिंगापुर के स्ट्रेट्स टाइम्स को छोड़ कर बाकी सभी प्रमुख एशियाई सूचकांक कमजोर स्थिति में हैं। बुधवार को अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने ब्‍याज दरों में 0.25% की वृद्धि की। इसका अमेरिकी बाजार पर नकारात्मक असर पड़ा और बाजार के तीनों प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। अमेरिकी बाजार में गिरावट का एशियाई बाजारों पर भी नकारात्मक असर पड़ता दिख रहा है।
भारतीय समय के अनुसार 8.40 बजे के करीब जापान का निक्केई (Nikkei) 356.49 अंक या 1.70% की गिरावट के साथ 20,631.43 पर है। दूसरी ओर हांग कांग का हैंग-सेंग (Hang Seng) 117.83 अंक या 0.46% की कमजोरी के साथ 25,747.56 पर चल रहा है। वहीं चीन के शंघाई कंपोजिट (Shanghai Composite) में 0.39% की गिरावट और सिंगापुर के स्ट्रेट्स टाइम्स (Straits Times) में 0.12% की मजबूती दिख रही है।
इसके अलावा दक्षिण कोरिया के कॉस्पी (Kospi) में 0.59% और ताइवान के ताइवान वेटेड (Taiwan Weighted) में 0.55% की गिरावट है। (शेयर मंथन, 20 दिसंबर 2018)