बुधवार को अमेरिकी बाजार के प्रमुख सूचकांकों में से नैस्डैक कंपोजिट और एसऐंडपी 500 में हल्की वृद्धि दर्ज की गयी।
मगर डॉव जोंस गिरावट के साथ बंद हुआ। निवेशकों ने अधिविक्रीत शेयरों में खरीदारी की, जबकि बॉन्ड यील्ड में भी बढ़ोतरी हुई।
हाल की दिनों में अमेरिका-चीन के बीच बढ़ते व्यापार तनाव के कारण आर्थिक मंदी की चिंता बढ़ी है, जिससे बाजारों में काफी गिरावट देखने को मिली है। न्यूजीलैंड, भारत और थाईलैंड के केंद्रीय बैंकों ने बुधवार को अपनी ऋण दरों में कटौती की है, क्योंकि अमेरिकी-चीन व्यापार युद्ध से वैश्विक अर्थव्यवस्था में मंदी की संभावना है।
बुधवार को डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones Industrial Average) 22.45 अंक या 0.09% की हल्की गिरावट के साथ 26,007.07 पर बंद हुआ। वहीं नैस्डैक कंपोजिट (Nasdaq Composite) 29.56 अंक या 0.38% चढ़ कर 7,862.83 पर बंद हुआ। साथ ही एसऐंडपी 500 (S&P 500) 2.21 अंक या 0.08% की वृद्धि के साथ 2,883.98 पर बंद हुआ। कल अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Brent Crude) के दाम 4.82% की गिरावट के साथ 56.23 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुए। (शेयर मंथन, 08 अगस्त 2019)