कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को अमेरिकी बाजार में तेजी देखने को मिली।
शुक्रवार को अमेरिकी श्रम विभाग ने मासिक रोजगार रिपोर्ट पेश की, जिससे मंदी की आशंका कम हो गयी। मगर जानकारों का मानना है कि रोजगार रिपोर्ट से धीमी अर्थव्यवस्था के पर्याप्त सबूत मिले हैं, जिससे अक्टूबर के अंत में एक बार फिर फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद बढ़ गयी है।
वहीं फेडरल रिजर्व चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने कहा है कि अर्थव्यवस्था कुछ जोखिमों का सामना कर रही है, लेकिन फिर भी अच्छी स्थिति में है।
शुक्रवार को डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones Industrial Average) 372.68 अंक या 1.42% की बढ़ोतरी के साथ 26,573.72 पर बंद हुआ। वहीं नैस्डैक कंपोजिट (Nasdaq Composite) 110.20 अंक या 1.40% वृद्धि के साथ 7,982.47 पर बंद हुआ। साथ ही एसऐंडपी 500 (S&P 500) 41.38 अंक या 1.42% की बढ़ोतरी के साथ 2,952.01 पर बंद हुआ। कल अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Brent Crude) के दाम 1.13% की वृद्धि के साथ 58.37 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुए। (शेयर मंथन, 05 अक्टूबर 2019)