सेंसेक्स (Sensex) 338 अंक गिरा, निफ्टी (Nifty) 124 अंक फिसला

बुधवार की गिरावट के बाद आज गुरुवार को भी भारतीय शेयर बाजार में कमजोरी दर्ज की गयी।

बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) पिछले बंद स्तर 49,902.64 के मुकाबले आज सुबह बढ़त के साथ 49,971.52 पर खुला। लेकिन जल्दी ही लाल निशान में फिसल गया। आज के कारोबार के आखिरी घंटे को छोड़ दिया जाये, तो दिन भर यह एक छोटे दायरे में ऊपर-नीचे होता रहा। लेकिन आखिरी घंटे में इसकी गिरावट बढ़ी और यह नीचे की ओर 49,496.78 तक फिसल गया। आज के कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 337.78 अंकों या 0.68% की कमजोरी के साथ 49,564.86 पर बंद हुआ। आज सेंसेक्स के आठ शेयरों में बढ़त, जबकि 22 शेयरों में गिरावट दर्ज की गयी। आज महिन्द्रा ऐंड महिन्द्रा (M&M) में 2.36% और इंडसइंड बैंक (IndusInd Bank) में 0.87% की मजबूती रही। दूसरी ओर ओएनजीसी (ONGC) में 2.70% और सन फार्मा (Sun Pharma) में 2.36% की कमजोरी देखी गयी।
पिछले बंद स्तर 15,030.15 के मुकाबले आज निफ्टी (Nifty) 124.10 अंकों या 0.83% की कमजोरी के साथ 14,906.05 पर बंद हुआ। आज निफ्टी के 14 शेयरों में मजबूती, जबकि 36 शेयरों में गिरावट रही। (शेयर मंथन, 20 मई 2021)