सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) ने फरवरी महीने के ऑटो बिक्री आंकड़े जारी किए हैं।
सालाना आधार पर ऑटो बिक्री में 23 फीसदी की गिरावट आई है। फरवरी 2021 के 17.35 लाख गाड़ियों के मुकाबले फरवरी 2022 में 13.2 लाख गाड़ियां ही बिक पाई हैं। इसमें यात्री गाड़ी, दोपहिया, तिपहिया और व्यावसायिक गाड़ियां शामिल हैं।
फरवरी 2021 के 2.81 लाख इकाई के मुकाबले फरवरी 2022 में केवल 2.62 लाख इकाई यात्री वाहन ही बिके हैं। बिकने वाली गाड़ियों में 6 फीसदी की गिरावट आई है। इसमें यात्री गाड़ी जिसमें यात्री कार, यूटिलिटी व्हीकल और वैन शामिल हैं। ऑटोमोबाइल की बिक्री में 23 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई है। बिक्री में गिरावट की वजह सप्लाई से जुड़ी चुनौतियां के जारी रहने से देखने को मिली है। चुनौतियों में सेमीकंडक्टर की कमी, गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी और नए नियमों के लागू होने से भी बिक्री पर असर देखने को मिला है। यात्री कारों की थोक बिक्री 1.55 लाख से घटकर 1.33 लाख इकाई ही रही। हालाकि यूटिलिटी गाड़ियों की बिक्री 1.14 लाख से बढ़कर 1.20 इकाई दर्ज की गई। वैन की बिक्री फरवरी 2021 के 11,902 के मुकाबले 9,290 ही रही।
दोपहिए वाहनों की कुल बिक्री 27 फीसदी घटी और वह 14.2 लाख से घटकर 10.3 लाख इकाई देखने को मिली।स्कूटर की थोक बिक्री 4.65 लाख से घटकर 3.44 लाख इकाई ही रही। मोटरसाइकिल बिक्री भी 9.10 लाख इकाई से घटकर 6.58 लाख इकाई देखने को मिली। वहीं तिपहिए वाहनों की बिक्री 27,656 के मुकाबले मामूली गिरावट के साथ 27,039 इकाई ही रही।
सियाम (SIAM) के महानिदेशक राजेश मेनन ने बताया कि गाड़ियों की बिक्री में कमी की वजह सप्लाई से जुड़ी चुनौतियों रही हैं। इसके अलावा सेमीकंडक्टर की कमी और नए नियम भी बिक्री में आई कमी की वजह रहे। साथ ही कमोडिटी की कीमतों में बढ़ोतरी और लॉजिस्टिक लागत में बढ़ोतरी के कारण भी बिक्री में कमी देखने को मिली। इंडस्ट्री रूस-यूक्रेन के बीच चल रहे मौजूदा युद्ध के होने वाले असर पर निगरानी रखे हुए हैं। (शेयर मंथन, 11 मार्च 2022)