आईटी (IT) सेक्टर की दिग्गज कंपनी एचसीएल (HCL) टेक के चौथी तिमाही में मुनाफे में 3% की गिरावट आई है। कंपनी का मुनाफा कंसोलिडेटेड आधार पर पिछली तिमाही के 4096 करोड़ रुपए से घटकर 3983 करोड़ रुपए दर्ज हुआ है। कंपनी की आय 26700 करोड़ रुपए से घटकर 26610 करोड़ रुपए रह गई है।
वहीं कंसो EBIT 5228 करोड़ रुपए से घटकर 4836 करोड़ रुपए आई है। कंपनी के मार्जिन में भी मामूली गिरावट देखी गई है। मार्जिन 19.6% से घटकर 18.2% पर आ गई एट्रिशन रेट 19.5% के स्तर पर आ गई है। जहां तक वित्त वर्ष 2023 का सवाल है तो कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा 13490 करोड़ रुपए से बढ़कर 14850 करोड़ रुपए दर्ज हुआ है। वहीं वित्त वर्ष 2023 में कंसो आय 85650 करोड़ रुपए से बढ़कर 1 लाख करोड़ रुपए रही है। कंपनी ने 18 रुपए प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान किया है। कंपनी ने साल के दौरान 57 बड़ी बोलियां जीती हैं। इसमें 32 बोली सर्विसेज और 25 सॉफ्टवेयर से जुड़ी थी। कंपनी की कुल कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू 6.6% बढ़कर 885.3 करोड़ डॉलर रही है।
कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 8.2% बढ़कर 2.26 लाख हो गई है। साल के दौरान कंपनी ने कुल 17,067 कर्मचारी जोड़े। वित्त वर्ष 2024 के लिए आय वृद्धि 6-8% के बीच रहने की उम्मीद जताई गई है। वहीं सर्विसेज आय ग्रोथ 6.5-8.5% के बीच रहने की उम्मीद है। वित्त वर्ष 2024 के लिए EBIT मार्जिन 18-19% के बीच संभव है। चौथी तिमाही में 10 बोलियां सर्विसेज और 3 सॉफ्टवेयर के लिए जीती है। कंपनी के मुताबिक डील में देरी से दबाव बना है। कंपनी की योजनाओं के सुधार में देरी से असर देखा गया। चौथी तिमाही में कुछ परियोजनाओं में कमजोर मांग के कारण गिरावट देखने को मिला। टेक्नोलॉजी और टेलीकॉम सेक्टर्स से मांग में सुस्ती देखी गई।
(शेयर मंथन, 20 अप्रैल 2023)