भारतीय बाजार में आज थम सकती है गिरावट, सिंगापुर निफ्टी में दिखी बढ़त

भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार (08 दिसंबर) गिरावट थमने के आसार नजर आ रहे हैं। सिंगापुर निफ्टी में आज मामूली तेजी नजर आ रही है। सुबह 8.15 बजे के आसपास सिंगापुर निफ्टी में 10.5 अंकों की बढ़त है और यह 0.06% बढ़ कर 18,682 के स्तर के आसपास मंडरा रहा है।

इससे पहले बुधवार (07 दिसंबर) को भारतीय शेयर बाजार हरे और लाल निशान के बीच झूलते नजर आये थे। हालाँकि बाद के कारोबार में शेयर बाजार बढ़त बरकरार नहीं रख सके और फिसलते हुए लाल में पहुँच गये और शाम तक हल्की गिरावट के साथ बंद हुए। एनएसई का निफ्टी 82.25 अंकों की सुस्ती के साथ 0.44% फिसल कर 18,560.50 के स्तर पर बंद हुआ। बीएसई के सेंसेक्स में 215.68 अंकों की गिरावट रही और यह 0.34% की नरमी के साथ 62,410.68 के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजारों की बात करें तो आज सुबह से प्रमुख बाजार में मिलाजुला रुख नजर आ रहा है। जापान के निक्केई में जहाँ 205.91 अंकों की गिरावट दिख रही है और यह 0.74% की सुस्ती के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं, हॉन्ग कॉन्ग के हैंग सेंग में आज 1.95% की बढ़त दिख रही है और यह 366.49 अंकों की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। शंघाई कंपोजिट 0.09% की नरमी के साथ कारोबार कर रहा है। दक्षिण कोरिया के स्टॉक एक्सचेंज कॉस्पी में भी 0.68% की नरमी नजर आ रही है।

यूरोपीय बाजार अभी खुले नहीं हैं और यहाँ बुधवार (07 दिसंबर) को प्रमुख बाजार में गिरावट दर्ज की गयी थी। कल के कारोबार में लंदन के एफटीएसई 100 (FTSE 100) में 0.43% की नरमी रही और यह 32.20 अंक गिर कर 7489.19 के स्तर पर बंद हुआ। पेरिस का बेंचमार्क इंडेक्स कैक 40 (CAC 40) 0.41% की नरमी के साथ 6,660.59 के स्तर पर बंद हुआ। फ्रैंकफर्ट के डैक्स 30 (DAX30) में 0.57% की सुस्ती रही और यह 82.00 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ।

अमेरिका के लगभग सभी प्रमुख बाजार में बुधवार (07 दिसंबर) को लाल निशान में सपाट कारोबार देखने को मिला था। डॉव जोंस में 1.58 अंक की तेजी रही और यह 33,597.92 के स्तर पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट में 56.54 अंक या 0.51% की गिरावट रही और यह 10,958.55 के स्तर पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 में भी कल के कारोबार में 7.34 अंक या 0.19% की नरमी रही और यह 3,933.92 के स्तर पर बंद हुआ।

(शेयर मंथन, 08 दिसंबर 2022)