निफ्टी (Nifty) गिर कर 5,312 पर, सेंसेक्स (Sensex) 261 अंक लुढ़का

यूरोपीय शेयर बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक आज तेज गिरावट के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स (Sensex) 18,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे फिसल गया।
बीएसई सेंसेक्स (Sensex) 261 अंक यानी 1.45% की कमजोरी के साथ 17,776 पर रहा। निफ्टी 84 अंक यानी 1.55% की गिरावट के साथ 5,312 पर बंद हुआ। एनएसई के मँझोले सूचकांक सीएनएक्स मिडकैप में 2.43% की कमजोरी रही। बीएसई मिडकैप सूचकांक में 2.42% और बीएसई स्मॉलकैप में 3.23% की तेज गिरावट रही। आज के कारोबार में कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और रियल्टी क्षेत्र में सबसे ज्यादा बिकवाली का रुख रहा।

एशियाई शेयर बाजारों में मिले-जुले रुख के बीच आज सुबह भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। बाजार खुलते ही निफ्टी 5,400 के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार चला गया। इस तेजी के दौरान सेंसेक्स 18,141 और निफ्टी 5,432 तक चढ़ गये। लेकिन कुछ ही देर के बाद बाजार एकदम सपाट हो गया। कारोबार के दूसरे घंटे में बाजार बढ़त गँवा कर लाल निशान पर चला गया। सेंसेक्स 18,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे फिसल गया। निफ्टी भी 5,400 के स्तर के नीचे चला गया। फिर बाजार में लाल निशान पर ही एक सीमित दायरे मे कारोबार होता रहा। दोपहर के कारोबार में बाजार में गिरावट कायम रही। दोपहर बाद के कारोबार में यूरोपीय शेयर बाजारों से मिल रहे मिले-जुले संकेतों के बीच भारतीय बाजार में गिरावट बढ़ गयी। कारोबार के अंतिम घंटे में बाजार की गिरावट और इजाफा हुआ। इस दौरान सेंसेक्स 17,742 और निफ्टी 5,303 तक लुढ़क गये। आखिरकार सेंसेक्स-निफ्टी काफी गिरावट के साथ बंद हुए।

क्षेत्रों के लिहाज से आज कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सूचकांक में सबसे ज्यादा 3.81% की गिरावट रही। रियल्टी को 3.08%, ऑटो को 2.70%, बैंकिंग को 2.28%, तेल-गैस को 2.06%, धातु को 1.95%, कैपिटल गुड्स को 1.91%, पीएसयू को 1.90%, पावर को 1.88% और हेल्थकेयर को 1.30% का घाटा सहना पड़ा। एफएमसीजी में 0.86%, टीईसीके में 0.34% और आईटी में 0.10% की गिरावट रही। (शेयर मंथन, 08 फरवरी 2011)