बाजार ने लगातार दूसरे दिन बनाया रिकॉर्ड, ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली से फिसला बाजार

अमेरिकी बाजार में सपाट कारोबार देखने को मिला। बीता हफ्ता 2024 का सबसे कमजोर साबित हुआ। छोटे दायरे में कारोबार के बीच अमेरिकी बाजार सपाट बंद हुए।

 150 अंकों के दायरे में कारोबार के बीच डाओ 11 अंक नीचे बंद तो नैस्डैक में 5 अंकों की बढ़त रही। यूरोप के बाजार में बढ़िया खरीदारी देखने को मिली। गिफ्ट निफ्टी करीब 90 अंकों की तेजी के साथ खुला। वैश्विक बाजारों से मिले संकेतों के आधार पर भारतीय बाजार रिकॉर्ड स्तर स्तर पर खुले।

सेंसेक्स ने 74,603 का निचला स्तर छुआ तो वहीं 75,124 का रिकॉर्ड ऊपरी स्तर छुआ। पहली बार सेंसेक्स 75,000 के पार निकला। निफ्टी ने 22,612 का निचला स्तर तो 22,768 का रिकॉर्ड ऊपरी स्तर छुआ। निफ्टी बैंक ने 48,568 का निचला स्तर छुआ तो वहीं 48,961 का रिकॉर्ड ऊपरी स्तर छुआ। सेंसेक्स 0.08% या 59 अंक गिर कर 74,684 पर बंद हुआ। निफ्टी 0.10% या 23 अंक गिर कर 22,643 पर बंद हुआ। बैंक निफ्टी 0.31% या 149 अंक चढ़ कर 48,730 पर बंद हुआ। ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली से निफ्टी 130 अंक फिसला। सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 450 अंक फिसलकर बंद हुआ। निफ्टी बैंक ऊपरी स्तर से 170 अंक फिसलकर बंद हुआ।

निफ्टी के चढ़ने वाले शेयरों में अपोलो हॉस्पिटल्स रहा जिसमें 3.20% तक की बढ़ोतरी देखने को मिली। वहीं हिन्डाल्को भी 2% तक की बढ़त के साथ बंद हुआ। आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक 1.85% और बजाज फिनसर्व में 1.30% की मजबूती देखी गई। निफ्टी के गिरने वाले शेयरों में टाइटन रहा जो 1.80% तक के नुकसान के साथ बंद हुआ। वहीं हीरो मोटोकॉर्प का शेयर 1.60% तक के नुकसान के साथ बंद हुआ। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज 1.50% और कोल इंडिया 1.50% के नुकसान के साथ बंद हुआ।

आज के कारोबार में फोकस में रहने वाले शेयरों में रियल एस्टेट शेयर रहे जिसमें पूर्वांकरा का शेयर 18% तक के बड़े उछाल के साथ बंद हुआ। वहीं स्टरलाइट टेक में भी 11% तक की तेजी देखी गई। आनंद राठी का शेयर भी 8.60% तक उछल कर बंद हुआ। वहीं एथेनॉल के उत्पादन के लिए अतिरिक्त चीनी जारी करने की खबर से श्री रेणुका शुगर का शेयर 7% चढ़ कर बंद हुआ। जिन शेयरों में बड़ी खरीदारी देखने को मिली उसमें हिन्दुस्तान जिंक रहा जिसमें 18% तक का शानदार उछाल देखने को मिला। वहीं मोतीलाल ओसवाल फाइेंशियल में भी 11.50% तक की मजबूती के साथ बंद हुआ। वहीं कोल्टे पाटिल के चौथी तिमाही के दमदार अपडेट से शेयर 7.5% तक के बड़े उछाल के साथ बंद हुआ। वहीं कैस्ट्रॉल इंडिया भी 7% की तेजी के साथ बंद हुआ। जिन शेयरों में बिकवाली देखने को मिली उसमें वारे रिन्युएबल रहा जिसमें 5% की कमजोरी दिखी। वहीं जेनेसिस इंटरनेशनल में 5% तक का नुकसान देखने को मिला। वहीं जुबिलेंट इंडस्ट्रीज 5% और गॉडफ्रे फिलिप्स 4.55% तक की कमजोरी रही।

(शेयर मंथन, 9 अप्रैल 2024)