मिडिल ईस्ट वॉर और महँगे क्रूड से बाजार में दबाव के बीच क्या 21 हजार तक जायेगा निफ्टी?

हालिया वैश्विक परिस्थितियों और युद्ध जैसी अनिश्चितताओं के बीच शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव स्वाभाविक है। जब भी इस तरह के जियोपॉलिटिकल तनाव बढ़ते हैं, तो निवेशकों के मन में डर और भ्रम पैदा होता है।

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार कहते है कि इसका सीधा असर बाजार की चाल पर देखने को मिलता है। खासतौर पर कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में तेजी, सप्लाई चेन में बाधाएं और महंगाई की आशंका बाजार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे माहौल में कई सेक्टर्स जैसे पेंट, केमिकल, कंजम्प्शन, बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज पर दबाव बढ़ जाता है, क्योंकि इनकी लागत और मांग दोनों प्रभावित होती हैं।

भारत जैसे देश के लिए स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो जाती है, क्योंकि हम ऊर्जा जरूरतों के लिए बड़े पैमाने पर आयात पर निर्भर हैं। अगर वैश्विक स्तर पर सप्लाई बाधित होती है या कीमतें तेजी से बढ़ती हैं, तो इसका असर सीधे महंगाई और आर्थिक विकास (GDP) पर पड़ता है। साथ ही, भारत की गैस और तेल की सीमित स्टोरेज क्षमता भी एक बड़ी चिंता का विषय है, जिससे संकट के समय लचीलापन कम हो जाता है। यह स्थिति हमें भविष्य में आत्मनिर्भरता और बेहतर रणनीतिक भंडारण (स्टोरेज) की आवश्यकता की ओर संकेत करती है।

हालांकि, बाजार के दृष्टिकोण से देखा जाए तो यह दौर पूरी तरह नकारात्मक नहीं है। इतिहास गवाह है कि हर बड़ी गिरावट के बाद बाजार ने मजबूती से वापसी की है। वर्तमान गिरावट को एक “कागजी नुकसान” के रूप में देखना चाहिए, जब तक कि निवेशक वास्तव में अपने निवेश को नुकसान में बेच नहीं देते। इस समय घबराकर बाजार से बाहर निकलना अक्सर सबसे बड़ी गलती साबित होती है, क्योंकि जैसे ही स्थिति सामान्य होती है, बाजार तेजी से रिकवरी करता है।

लंबी अवधि के निवेशकों के लिए यह समय धैर्य रखने का है। अगर पोर्टफोलियो मजबूत कंपनियों से बना है, खासकर बैंकिंग, फाइनेंशियल, हेल्थकेयर और कंजम्प्शन जैसे सेक्टर्स में, तो आने वाले 2-3 वर्षों में अच्छा रिटर्न मिलने की संभावना बनी रहती है। भले ही निकट अवधि में एक-दो तिमाही का असर दिखे, लेकिन जैसे ही वैश्विक स्थिति स्थिर होगी, कंपनियों की कमाई (earnings) फिर से पटरी पर आ जाएगी और बाजार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ेगा। निवेश का मूल मंत्र यही है कि अनिश्चितता के समय संयम बनाए रखें। बाजार में गिरावट ही भविष्य के रिटर्न की नींव रखती है। इसलिए डर के बजाय अवसर की दृष्टि से बाजार को देखना अधिक समझदारी भरा कदम होगा।

 

(शेयर मंथन, 21 मार्च 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)