भारतीय शेयर बाजार में पिछले करीब दो वर्षों से जारी कमजोरी को लेकर टैक्सेशन और बढ़ती ट्रांजैक्शन कॉस्ट को भी एक महत्वपूर्ण मुद्दा माना जा रहा है।
ग्लोब कैपिटल के चेयरमैन अशोक अग्रवाल का कहना है कि विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली के पीछे कई कारण हो सकते हैं, लेकिन भारत में निवेश की लागत भी एक चिंता का विषय है। खासतौर पर भारतीय निवेशकों पर सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT), स्टैंप ड्यूटी और कैपिटल गेन टैक्स का बोझ होने की बात उठाई गई। विशेषज्ञ के मुताबिक जब STT लागू किया गया था, तब इसे कैपिटल गेन टैक्स के विकल्प के तौर पर देखा गया था, लेकिन बाद में दोनों टैक्स बने रहे और STT की दरों में भी बढ़ोतरी हुई।
भारत में कैपिटल मार्केट से जुड़े ट्रांजैक्शन की लागत दुनिया के मुकाबले काफी अधिक है। ऐसे में STT या कैपिटल गेन टैक्स में से किसी एक को हटाने पर विचार किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक दोनों तरह के टैक्स एक साथ बने रहने से बाजार में निवेश और ट्रेडिंग की लागत बढ़ती है। सरकार के लिए STT की खासियत यह है कि इसे जमा करना आसान है और इसकी कलेक्शन लागत भी बहुत कम है, जबकि इससे सरकार को राजस्व प्राप्त होता है। इसलिए सरकार के सामने टैक्स से मिलने वाले राजस्व और कैपिटल मार्केट को बढ़ावा देने के बीच संतुलन बनाने की चुनौती है।
इसका असर विदेशी और घरेलू निवेशकों पर अलग-अलग तरीके से पड़ सकता है। घरेलू निवेशक के पास अपने पैसे को भारतीय बाजार, म्यूचुअल फंड या दूसरे घरेलू विकल्पों में लगाने का विकल्प रहता है, जबकि विदेशी निवेशक के पास दूसरे बाजारों में जाने की अधिक स्वतंत्रता होती है। हालांकि, विशेषज्ञ का मानना है कि विदेशी निवेशकों की बिकवाली के पीछे केवल टैक्स ही कारण नहीं है। अगर घरेलू बाजार का सेंटीमेंट बेहतर होता है, तो इससे विदेशी निवेशकों के सेंटीमेंट में भी सुधार आ सकता है।
पिछले बजट में फ्यूचर्स और ऑप्शंस से जुड़े STT में बढ़ोतरी ने बाजार की चिंता बढ़ाई है। पहले फ्यूचर्स पर STT की दर कैश मार्केट की तुलना में कम थी, जिसके कारण कुछ निवेशक फ्यूचर्स का इस्तेमाल करते थे। लेकिन फ्यूचर्स और ऑप्शंस पर भी STT बढ़ने से बाजार में यह धारणा बनने लगी है कि सरकार को कैपिटल मार्केट पर पहले की तुलना में ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। विशेषज्ञ के मुताबिक सरकार को कैपिटल मार्केट की परवाह है, लेकिन बाजार के विकास के लिए इस पर थोड़ी और गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।
(शेयर मंथन, 08 अक्टूबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)