मिड-स्मॉलकैप और गोल्ड में क्यों बढ़ रहा है निवेशकों का भरोसा?

पिछले कुछ महीनों में म्यूचुअल फंड निवेशकों का रुझान मिडकैप, स्मॉलकैप और फ्लेक्सीकैप फंड्स की ओर बढ़ा है।

वहीं, हाइब्रिड स्कीम्स से पैसा निकला है और गोल्ड ETF में निवेश बढ़ा है। निवेशकों के इस बदलते रुझान के पीछे बेहतर रिटर्न, कंपनियों की अर्निंग्स ग्रोथ और वैश्विक अनिश्चितताएं अहम वजह हैं। मोतीलाल ओसवाल के फंड मैनेजमेंट से जुड़े विशेषज्ञ के मुताबिक, निवेशक आमतौर पर उन्हीं कैटेगरी की ओर आकर्षित होते हैं, जहां उन्हें बेहतर रिटर्न दिखाई देता है।

उन्होंने बताया कि पिछले छह महीने से एक साल के दौरान मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। मार्च में आई गिरावट के बाद अप्रैल से जून के बीच इन इंडेक्स ने नई ऊंचाइयां बनाई थीं। ऐसे में जिन निवेशकों ने इस दौरान इन कैटेगरी में निवेश किया, उन्हें अच्छा रिटर्न मिला है। इसके अलावा, पिछले चार तिमाहियों में मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों की अर्निंग्स ग्रोथ भी बेहतर रही है। यही वजह है कि निवेशकों का झुकाव इन फंड्स की तरफ बना हुआ है।

दूसरी तरफ, गोल्ड ETF में बढ़ते निवेश के पीछे वैश्विक भू-राजनीतिक अनिश्चितताएं एक बड़ी वजह हैं। निवेशकों को लगता है कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में सोना उनके पोर्टफोलियो को स्थिरता दे सकता है। हालांकि, यहां से बहुत ज्यादा रिटर्न मिलने की उम्मीद नहीं है, लेकिन सुरक्षित निवेश के विकल्प के तौर पर इसकी मांग बनी हुई है। कई एडवाइजर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स भी निवेशकों को अपने पोर्टफोलियो का 10 से 20 फीसदी हिस्सा गोल्ड ETF में रखने की सलाह दे रहे हैं। इसके मुकाबले लार्जकैप फंड्स में फिलहाल निवेशकों की दिलचस्पी थोड़ी कमजोर दिखाई दे रही है।

मोतीलाल ओसवाल के फंड्स के प्रदर्शन पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि कंपनी की निवेश रणनीति मुख्य रूप से ग्रोथ फिलॉसफी पर आधारित है। फंड मैनेजर्स ऐसी कंपनियों की पहचान करने पर ध्यान देते हैं, जिनकी अर्निंग्स ग्रोथ इंडेक्स के मुकाबले 5 से 10 फीसदी ज्यादा रहने की संभावना हो। इसके लिए पहले टॉप-डाउन अप्रोच के जरिए उन सेक्टर्स और थीम्स की पहचान की जाती है, जहां आने वाले एक से दो वर्षों में अच्छी ग्रोथ की संभावना दिखाई देती है। इसके बाद उन सेक्टर्स के भीतर मजबूत कंपनियों का चुनाव किया जाता है।

उनके मुताबिक, साल 2026 ग्रोथ इन्वेस्टर्स के लिए अच्छा रहा है। पिछले साल बाजार में वैल्यू इन्वेस्टिंग का प्रभाव ज्यादा था, जबकि इस साल बेहतर अर्निंग्स ग्रोथ देने वाली कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिली है। इसके उलट, जिन कंपनियों का प्रदर्शन और रिटर्न ग्रोथ उम्मीद के मुताबिक नहीं रही, उनके शेयरों में गिरावट आई है। यही वजह है कि ग्रोथ आधारित निवेश रणनीति को फायदा मिला है।

फंड्स के प्रदर्शन पर उन्होंने बताया कि मिडकैप को छोड़कर कंपनी की कई स्कीम्स ने अपनी कैटेगरी और बेंचमार्क के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया है। उनके अनुसार, कंपनी का करीब 90 फीसदी एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) आउटपरफॉर्म कर रहा है। स्मॉलकैप, मल्टीकैप और लार्जकैप फंड्स में भी कैटेगरी एवरेज और बेंचमार्क के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला है। मिडकैप फंड में कुछ चुनौतियां जरूर रही हैं, लेकिन पिछले तीन से छह महीनों में इसमें भी अच्छी रिकवरी आई है।

उन्होंने आगे बताया कि कंपनी की निवेश रणनीति में इंडेक्स हगिंग यानी इंडेक्स के पोर्टफोलियो की नकल करने पर ज्यादा जोर नहीं दिया जाता। इसके बजाय ऐसे पोर्टफोलियो तैयार किए जाते हैं, जो अपने बेंचमार्क से काफी अलग हों और जिनमें ग्रोथ की अच्छी संभावनाएं रखने वाली कंपनियों को जगह मिले। खासतौर पर न्यू एज बिजनेस और नए जमाने की कंपनियों पर फोकस किया जा रहा है। भारत में पारंपरिक कारोबार के साथ-साथ नए बिजनेस मॉडल वाली कंपनियां भी तेजी से उभर रही हैं। इन कंपनियों में ग्रोथ की संभावनाओं को देखते हुए निवेश किया जा रहा है। उनके मुताबिक, यही रणनीति बाजार के मुकाबले बेहतर रिटर्न हासिल करने में मदद कर रही है।


(शेयर मंथन, 10 नवंबर 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)