शेयर बाजार में दिवाली के बाद भी तेजी का सिलसिला जारी है।
निचले स्तरों से बाजार में करीब 15 फीसदी की तेजी देखने को मिल चुकी है। हालांकि, इस तेजी के बीच अब निवेशकों को थोड़ा सतर्क रहने की जरूरत है। बाजार की ओवरऑल दिशा अभी सकारात्मक है, लेकिन शॉर्ट टर्म में निफ्टी ओवरबॉट स्थिति में पहुंच रहा है। ऐसे में मौजूदा स्तरों पर जल्दबाजी में खरीदारी करने के बजाय बाजार में थोड़ा ठहराव आने का इंतजार करना बेहतर होगा।
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि निफ्टी में पिछले कुछ दिनों की तेजी के बाद अब अनिश्चितता के संकेत दिखाई देने लगे हैं। खासकर हाल की दो कैंडल बाजार की मजबूती को लेकर कुछ सवाल खड़े कर रही हैं। उनका कहना है कि अगर निफ्टी 25,000 के नीचे क्लोजिंग देता है तो यह पहला संकेत होगा कि बाजार में मुनाफावसूली या करेक्शन का दौर शुरू हो सकता है। इसलिए निवेशकों को इस स्तर पर विशेष नजर रखनी चाहिए।
वहीं, अगर निफ्टी अपनी मौजूदा मजबूती बनाए रखता है और 11 नवंबर के 25,420 के हाई के ऊपर क्लोजिंग देता है तो बाजार में एक बार फिर तेजी का मोमेंटम लौट सकता है। ऐसे में आगे की रणनीति बाजार की चाल के अनुसार तय करनी होगी। सोमेश कुमार के अनुसार, अगर तेजी का मोमेंटम बना रहता है तो निफ्टी में आगे भी बढ़त देखने को मिल सकती है। वहीं, अगर मौजूदा हाई पार नहीं होता है तो रनिंग करेक्शन की संभावना बढ़ सकती है।
उन्होंने निवेशकों को सलाह दी कि बाजार में हर तेजी के पीछे भागने या FOMO में आकर खरीदारी करने की जरूरत नहीं है। बाजार में अवसर खत्म नहीं होने वाले हैं। खासकर शॉर्ट और मीडियम टर्म के निवेशकों को थोड़ा इंतजार करना चाहिए। वहीं, इंट्राडे ट्रेडर्स अपने ट्रेड के साथ स्टॉप लॉस का इस्तेमाल कर सकते हैं। बाजार की दिशा सकारात्मक होने के बावजूद आने वाले दिनों में वोलैटिलिटी बढ़ सकती है, इसलिए सावधानी के साथ निवेश करना जरूरी है।
(शेयर मंथन, 16 नवंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)