
भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार (04 जुलाई) को कारोबार की धीमी शुरुआत देखने को मिल सकती है। गिफ्ट निफ्टी में आज सुबह 8.10 बजे के आसपास 55.00 अंकों की गिरावट नजर आ रही है और ये 0.22% के नुकसान के साथ 25,505.50 के आसपास मंडरा रहा है।
इससे पहले गुरुवार (03 जुलाई) को भारतीय शेयर बाजार दिशाहीन गतिविधि करते दिखे। दोनों सूचकांक में तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत हुई थी, मगर शुरुआती बढ़त के बाद बाजार टूट गये। इन स्तरों से ये जल्द बाहर भी आ गये और तेजी की रफ्तार पकड़ ली। दिन में लगभग डेढ़ बजे के आसपास दिन के शीर्ष स्तर को छूने में भी सफल रहे। मगर, यहाँ टिक नहीं पाये और फिसल गये। बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि बाजार दिन के निम्न स्तर पर पहुँच गये और इन स्तरों के आसपास रहते हुए सत्र समाप्त किया। एनएसई के निफ्टी में 48.10 अंकों की नरमी आयी और ये 25,405.30 के स्तर पर 0.19% टूट कर बंद हुआ। वहीं, बीएसई का सेंसेक्स 170.22 अंक के नुकसान के साथ 83,239.47 के स्तर पर पहुँच गया और 0.20% की गिरावट के साथ बंद हुआ।
एशिया के प्रमुख बाजार में आज भी मिलेजुले रुख के साथ कारोबार देखने को मिल रहा है। जापान के निक्केई में 42.30 अंकों की तेजी है और ये 0.11% की वृद्धि के साथ कारोबार कर रहा है। हॉन्ग कॉन्ग का हैंग सेंग 313.97 अंकों की गिरावट के साथ 1.30% टूट कर कारोबार कर रहा है। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में आज 44.88 अंकों का नुकसान है और ये 1.44% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। शंघाई कंपोजिट 0.15 अंकों की मामूली नरमी के साथ कारोबार कर रहा है।
सभी प्रमुख यूरोपीय बाजार में गुरुवार (03 जुलाई) को तेजी देखने को मिली। लंदन के एफटीएसई 100 (FTSE 100) में जहाँ 48.51 अंकों की तेजी आयी और ये 0.55% की बढ़त के साथ 8,823.20 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, पेरिस का बेंचमार्क इंडेक्स कैक 40 (CAC 40) 16.13 अंकों की उछाल के साथ 7,754.55 के स्तर पर बंद हुआ। फ्रैंकफर्ट का डैक्स 30 (DAX 30) भी 144.02 अंक जोड़ कर 23,934.13 के स्तर पर आ गया और 0.60% की वृद्धि के साथ बंद हुआ।
अमेरिका के प्रमुख बाजार में गुरुवार (03 जुलाई) को तेजी के साथ कारोबार देखने को मिला। डॉव जोंस में जहाँ 344.11 अंकों की तेजी आयी और यह 0.77% की बढ़त के साथ 44,828.53 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डैक कंपोजिट में 1.02% या 207.97 अंकों की वृद्धि देखने को मिली और यह 20,601.10 के स्तर पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 भी 51.93 अंक या 0.83% जोड़ कर 6,279.35 के स्तर पर बंद हुआ।
(शेयर मंथन, 04 जुलाई 2025)
(आप भी किसी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)