दिवाली के मौके पर निवेशक अक्सर ऐसे शेयरों की तलाश करते हैं, जिनमें अगले एक साल या उससे अधिक समय में अच्छी ग्रोथ की संभावना हो।
बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच सही कंपनियों का चुनाव करना निवेशकों के लिए चुनौती बना हुआ है। इंडिया में रिसर्च डायरेक्टर मयूरेश जोशी ने इस दिवाली के लिए दो शेयरों पर अपना भरोसा जताया है। इनमें साउथ इंडियन बैंक और इंटरनेशनल जेमोलॉजिकल इंस्टीट्यूट (IGI) शामिल हैं। उनके मुताबिक, दोनों कंपनियों के बिजनेस और वित्तीय आंकड़ों में सकारात्मक संकेत दिखाई दे रहे हैं और इनमें मौजूदा स्तर से 20 से 25 फीसदी तक की संभावित तेजी देखने को मिल सकती है।
मयूरेश जोशी की पहली पसंद साउथ इंडियन बैंक है। उनका मानना है कि बैंक के हालिया नतीजे अच्छे रहे हैं और इसकी एसेट क्वालिटी में सुधार दिखाई दे रहा है। बैंक का नेट एनपीए कुल लोन बुक के करीब 0.09 फीसदी पर आ गया है, जो लगभग शून्य के बराबर है। इसके अलावा, प्रोविजन कवरेज रेशियो (PCR) करीब 97 फीसदी है। यह संकेत देता है कि बैंक ने संभावित खराब कर्ज से निपटने के लिए पर्याप्त प्रावधान किए हैं। हालांकि, बैंक ने हालिया नतीजों में प्रोविजनिंग बढ़ाई है, लेकिन जोशी इसे एक सतर्क और सकारात्मक कदम मानते हैं। इससे भविष्य में किसी तरह की चुनौती आने पर बैंक को राहत मिल सकती है।
बैंक की लोन बुक को लेकर भी उन्होंने सकारात्मक राय दी। उनके मुताबिक, साउथ इंडियन बैंक की कुल लेंडिंग में करीब 40 फीसदी हिस्सा कॉरपोरेट लोन का है। इसमें से लगभग 99 फीसदी लोन A-रेटेड और उससे बेहतर रेटिंग वाली कंपनियों को दिया गया है। इससे डिफॉल्ट का जोखिम अपेक्षाकृत कम रहता है। बैंक की एसेट क्वालिटी, प्रोविजनिंग और कॉरपोरेट लेंडिंग की स्थिति को देखते हुए उन्हें इसमें आगे बेहतर प्रदर्शन की संभावना नजर आती है। उन्होंने बताया कि बैंक के मौजूदा शेयर भाव करीब 55 रुपये के आसपास हैं और यहां से निवेश के लिए 20 से 25 फीसदी अपसाइड की उम्मीद रखी जा सकती है।
उनकी दूसरी पसंद इंटरनेशनल जेमोलॉजिकल इंस्टीट्यूट यानी IGI है। यह कंपनी प्राकृतिक और लैब-ग्रोन डायमंड सहित ज्वेलरी की सर्टिफिकेशन सेवाएं देती है। मयूरेश जोशी के मुताबिक, कंपनी के हालिया कारोबारी आंकड़े काफी मजबूत रहे हैं। वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में कंपनी ने करीब 80 लाख सर्टिफिकेशन किए, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह आंकड़ा लगभग 65 लाख था। सर्टिफिकेशन की संख्या में यह बढ़ोतरी कंपनी के बिजनेस में बढ़ती मांग को दिखाती है।
IGI के कारोबार में लैब-ग्रोन डायमंड की भी अहम भूमिका है। बाजार में लैब-ग्रोन डायमंड की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है, लेकिन जोशी का मानना है कि इससे कंपनी के बिजनेस पर जरूरी नहीं कि नकारात्मक असर पड़े। उनके अनुसार, डायमंड की कीमतें कम होने से इसकी खपत बढ़ सकती है और इससे सर्टिफिकेशन की मांग में भी इजाफा हो सकता है। अमेरिका में बड़ी संख्या में लूज डायमंड का सर्टिफिकेशन IGI के जरिए किया जाता है। ऐसे में लैब-ग्रोन और प्राकृतिक डायमंड दोनों से कंपनी को कारोबारी अवसर मिल सकते हैं।
कंपनी की आगे की संभावनाओं पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि IGI में टॉपलाइन ग्रोथ लगातार बनी रह सकती है। साथ ही, ऑपरेटिंग लेवरेज का फायदा मिलने से आने वाले समय में मार्जिन में सुधार की संभावना भी है। उनके मुताबिक, किसी भी कंपनी के लिए लगातार अर्निंग्स ग्रोथ देना सबसे महत्वपूर्ण होता है और IGI इस मोर्चे पर बेहतर स्थिति में दिखाई दे रही है। कंपनी के शेयर का भाव उस समय करीब 400 रुपये था और यहां से उन्होंने 20 से 25 फीसदी तक की संभावित तेजी का अनुमान जताया। इस हिसाब से शेयर के लिए 500 रुपये के आसपास का स्तर देखने को मिल सकता है।
हालांकि, इन दोनों शेयरों में निवेश से पहले जोखिम और कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन का आकलन करना जरूरी है। मयूरेश जोशी ने स्पष्ट किया कि उनकी या उनके परिवार की इन शेयरों में व्यक्तिगत होल्डिंग नहीं है, लेकिन इन स्टॉक्स को उनके स्विंग पोर्टफोलियो में शामिल किया गया है। उन्होंने निवेशकों को सलाह दी कि किसी भी शेयर में पैसा लगाने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।
(शेयर मंथन, 10 नवंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)