बप्पा दा जानना चाहते हैं कि उन्हें सोनाटा सॉफ्टवेयर (Sonata Software) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? यह स्टॉक होल्डिंग में है और करीब 25% के नुकसान में चल रहा है। आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि फिलहाल पूरा आईटी सेक्टर दबाव में है और उसी का असर सोनाटा सॉफ्टवेयर पर भी दिख रहा है। निकट अवधि में आईटी इंडेक्स और आईटी शेयरों में शॉर्ट कवरिंग की संभावना जरूर बन सकती है, लेकिन उस तेजी के टिकाऊ रहने पर भरोसा नहीं किया जा सकता। तकनीकी रूप से देखें तो 325-330 रुपये के ऊपर ही कोई मजबूत और भरोसेमंद रिवर्सल माना जाएगा। जब तक शेयर इस स्तर को निर्णायक रूप से पार नहीं करता, तब तक हर उछाल पर सतर्क रहना होगा।
नीचे की ओर देखें तो हाल का लो एक अहम सपोर्ट लेवल बनाता है। अगर यह स्तर टूटता है तो चार्ट पैटर्न 225-230 रुपये की ओर इशारा करता है। मंथली चार्ट पर एक तरह की नेकलाइन का ब्रेक भी दिख रहा है, जो तकनीकी तौर पर बहुत सकारात्मक संकेत नहीं है। हालांकि सैद्धांतिक रूप से ब्रेकडाउन के बाद गिरावट और गहरी हो सकती है, लेकिन Sonata Software आईटी सेक्टर की एक जानी-मानी कंपनी है और इसके वैल्यूएशन पूरी तरह कमजोर नहीं हैं।
करीब 17 के पी/ई मल्टीपल पर ट्रेड करता यह शेयर बहुत महंगा नहीं कहा जाएगा। यदि इसमें 10% तक और करेक्शन आता है तो वैल्यूएशन सपोर्ट 225-230 रुपये के आसपास मिल सकता है। जब तक कंपनी की सेल्स ग्रोथ या प्रॉफिटेबिलिटी में कोई बड़ा नकारात्मक बदलाव नहीं आता, तब तक इन स्तरों पर वैल्यूएशन फैक्टर शेयर को सहारा दे सकता है।
इसलिए मौजूदा निवेशकों के लिए रणनीति यह हो सकती है कि 3250330 के ऊपर मजबूत ब्रेकआउट का इंतजार करें। वहीं, नीचे 225-230 का दायरा महत्वपूर्ण सपोर्ट जोन रहेगा। सेक्टर में सुधार के स्पष्ट संकेत मिलने तक संयम और चरणबद्ध रणनीति अपनाना ही समझदारी होगी।
(शेयर मंथन, 24 फरवरी 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)