भारतीय शेयर बाजार में आईटी सेक्टर पर दबाव बना हुआ है और हाल के कारोबारी सत्र में इसमें गिरावट देखने को मिली। निफ्टी आईटी इंडेक्स अब उन स्तरों के नीचे फिसलता दिख रहा है, जहां पहले सपोर्ट मिलने की उम्मीद जताई जा रही थी।
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार कहते है कि फिलहाल इंडेक्स करीब 29,000 के आसपास बंद हुआ है, जबकि तकनीकी विश्लेषकों के मुताबिक इसमें निकट भविष्य में 28,500 के आसपास मजबूत सपोर्ट बन सकता है। आईटी इंडेक्स में हाल के दिनों में काफी गिरावट आ चुकी है, जिसके कारण यह ओवरसोल्ड स्थिति में पहुंच गया है। ऐसे में एकदम से बड़ी गिरावट की संभावना कम मानी जा रही है और 28,500 के आसपास सपोर्ट उभर सकता है। हालांकि यदि दबाव जारी रहता है तो लंबी अवधि में 26,000 से 24,000 के स्तर भी महत्वपूर्ण सपोर्ट के रूप में सामने आ सकते हैं, लेकिन फिलहाल ये स्तर कुछ दूर माने जा रहे हैं।
हालिया गिरावट काफी हद तक प्रमुख वैश्विक घटनाओं और अनिश्चितताओं से जुड़ी रही है। अब जब वह बड़ा इवेंट समाप्त हो चुका है, तो केवल उसी वजह से बाजार में बहुत बड़ी गिरावट आने की संभावना कम है। आने वाले एक-दो कारोबारी सत्रों में बाजार का डेटा और ट्रेंड यह तय करेगा कि इंडेक्स में स्थिरता आती है या नहीं। जब तक स्पष्ट रिवर्सल के संकेत नहीं मिलते, तब तक अलग-अलग स्तरों पर सपोर्ट बनते रहने की संभावना है।
जहाँ तक निवेश रणनीति का सवाल है, विशेषज्ञ फिलहाल आईटी सेक्टर में आक्रामक खरीदारी से बचने की सलाह दे रहे हैं। उनका मानना है कि इस समय सेक्टर के बिजनेस आउटलुक को लेकर स्पष्टता नहीं है। ऐसे में निवेशकों के लिए बेहतर होगा कि वे कुछ समय तक इंतजार करें और सेक्टर में तब ही निवेश करें जब मांग और ग्रोथ को लेकर स्पष्ट संकेत दिखाई देने लगें।
इसके विपरीत कुछ अन्य सेक्टरों में मांग को लेकर अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति दिखाई दे रही है। सरकार द्वारा इनकम टैक्स में राहत, जीएसटी में सुधार और Reserve Bank of India की ओर से बढ़ाई गई लिक्विडिटी जैसे कदमों का असर उपभोग आधारित सेक्टरों में दिखने लगा है। कई कंपनियों के नतीजों में भी सुधार के संकेत मिल रहे हैं। ऐसे में जहां बिजनेस की स्पष्टता और मांग की संभावना नजर आती है, वहां निवेशकों की चिंता अपेक्षाकृत कम हो सकती है, जबकि आईटी सेक्टर में फिलहाल सतर्कता बनाए रखना ही बेहतर रणनीति मानी जा रही है।
(शेयर मंथन, 16 मार्च 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)