क्या युद्ध के बीच बाजार में गिरावट एक मौका है या खतरे का संकेत?

मौजूदा वैश्विक हालात में शेयर बाजार की दिशा को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, जहां एक तरफ निवेशकों के मन में यह सवाल है कि यह गिरावट एक अवसर है या खतरे का संकेत?

विशेषज्ञ विजय चोपड़ा ने संतुलित रणनीति अपनाने की सलाह दे रहे हैं। बाजार में आई हालिया गिरावट का प्रमुख कारण भू-राजनीतिक तनाव है, खासकर Iran से जुड़ी परिस्थितियां, जिसने कच्चे तेल की कीमतों को ऊंचे स्तर पर पहुंचा दिया है। कच्चा तेल 100 डॉलर के आसपास ट्रेड कर रहा है, जो भारत जैसे आयात-निर्भर देश के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि इससे करंट अकाउंट डेफिसिट और महंगाई दोनों पर दबाव बढ़ सकता है।

इस स्थिति का सीधा असर आम लोगों से लेकर उद्योगों तक पर पड़ सकता है। पेट्रोलियम उत्पादों से जुड़े कई सेक्टर जैसे दवा उद्योग, केमिकल्स, और मैन्युफैक्चरिंग की लागत बढ़ने की आशंका है। इसके अलावा हीलियम गैस, सल्फर और अन्य पेट्रोकेमिकल्स की सप्लाई भी प्रभावित हो सकती है, जिससे उत्पादन गतिविधियों में बाधा आ सकती है। यदि महँगाई बढ़ती है, तो ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें खत्म हो सकती हैं, जिससे लिक्विडिटी घटेगी और आर्थिक ग्रोथ पर असर पड़ेगा।

हालांकि, इतिहास गवाह है कि चाहे कोविड-19 हो या रुस-यूक्रेन वॉर, वैश्विक अर्थव्यवस्था ने हर संकट से उबरने के रास्ते खोजे हैं। इसी तरह, इस बार भी भले ही कुछ समय के लिए सप्लाई चेन और व्यापार पर असर पड़े, लेकिन धीरे-धीरे नए विकल्प और समाधान सामने आएंगे। भारत भी अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए रूस या अन्य देशों से आयात बढ़ाकर स्थिति को संभाल सकता है। निवेश के नजरिए से देखा जाए तो यह समय पूरी तरह बाजार से बाहर निकलने का नहीं है, बल्कि सतर्कता के साथ अवसर खोजने का है। विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशकों को एकमुश्त बड़ी राशि लगाने के बजाय चरणबद्ध (staggered) निवेश करना चाहिए। अच्छी क्वालिटी वाली कंपनियां, जिनका ऑर्डर बुक मजबूत है और जिनका ट्रैक रिकॉर्ड अच्छा रहा है, उनमें धीरे-धीरे निवेश किया जा सकता है।

बाजार में टॉप और बॉटम को पकड़ना लगभग असंभव होता है। इसलिए समझदारी इसी में है कि निवेशक घबराहट में निर्णय न लें, बल्कि लंबी अवधि के नजरिए के साथ अपने पोर्टफोलियो को संतुलित रखें। अनिश्चितता के इस दौर में धैर्य, अनुशासन और सही रणनीति ही सफलता की कुंजी साबित होगी।


(शेयर मंथन, 17 मार्च 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)