हॉस्पिटल सेक्टर के शेयरों में गिरावट क्यों?

राहुल सिंह जानना चाहते हैं कि हॉस्पिटल सेक्टर के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि भारतीय शेयर बाजार में जारी दबाव के बीच हॉस्पिटल सेक्टर के शेयरों को लेकर भी निवेशकों की चिंता बढ़ रही है। मौजूदा समय में हेल्थकेयर और हॉस्पिटल सेक्टर को अलग-अलग नजरिए से देखना जरूरी है। हेल्थकेयर सेक्टर में अस्पतालों के अलावा डायग्नोस्टिक और दूसरी स्वास्थ्य सेवाएं भी शामिल हैं। वहीं, हॉस्पिटल सेक्टर पर नियामकीय फैसलों का असर पड़ सकता है। अस्पतालों की सेवाओं की कीमतों पर नियंत्रण से इस सेक्टर की कंपनियों की लाभप्रदता और वैल्यूएशन प्रभावित हो सकती है। हालांकि, अस्पतालों की मांग और विस्तार की संभावनाएं बनी हुई हैं। कई बड़ी अस्पताल कंपनियां अपने कारोबार का विस्तार कर रही हैं और नए बेड जोड़ रही हैं। विशेषज्ञ के अनुसार, अस्पताल कंपनियों के बेड की संख्या में सालाना औसतन 10-15 प्रतिशत तक वृद्धि की संभावना है। यह विस्तार ऑर्गेनिक ग्रोथ यानी मौजूदा कारोबार के विस्तार या इनऑर्गेनिक ग्रोथ यानी दूसरी कंपनियों के अधिग्रहण के जरिए हो सकता है।

हॉस्पिटल सेक्टर की प्रमुख चिंता इसकी ऊंची वैल्यूएशन है। कई कंपनियों के शेयरों का प्राइस-टू-अर्निंग (P/E) मल्टीपल 40-50 के स्तर तक पहुंच गया था। ऐसे में नियामकीय दबाव बढ़ने पर इन शेयरों की वैल्यूएशन में कमी आ सकती है। अस्पतालों के बेड चार्ज पर संभावित मूल्य नियंत्रण का असर भी महत्वपूर्ण हो सकता है, क्योंकि कमरे और बेड की श्रेणी के आधार पर तय होने वाले शुल्क अस्पतालों की कुल कमाई और अन्य खर्चों को प्रभावित करते हैं।

अस्पतालों की कीमतें तय करने के लिए तीन सितारा होटल की सुविधाओं को मानक बनाने पर भी सवाल उठाए। उनके मुताबिक, अलग-अलग शहरों और क्षेत्रों में जमीन, परिचालन और अन्य खर्चों में अंतर होता है, इसलिए सभी अस्पतालों के लिए एक समान मानक व्यावहारिक नहीं हो सकता। इसके बजाय बीमा कंपनियों के साथ चर्चा करके जनरल, ट्विन-शेयरिंग और सिंगल रूम जैसे अलग-अलग बेड की उचित दरें तय करने पर विचार किया जा सकता है। निवेश की रणनीति पर कहा कि फिलहाल नियामकीय माहौल स्पष्ट होने और संभावित गिरावट का असर सामने आने तक इंतजार करना बेहतर होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हॉस्पिटल शेयरों की ऊंची वैल्यूएशन के कारण उन्होंने इस सेक्टर में निवेश नहीं किया है। हालांकि, किसी खास शेयर में निवेश बनाए रखने या मुनाफा बुक करने का फैसला कंपनी की स्थिति और उसकी वैल्यूएशन का आकलन करने के बाद ही करना चाहिए।


(शेयर मंथन, 14 अक्टूबर 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)