सेंसेक्स (Sensex) 698 अंक लुढ़का, निफ्टी (Nifty) 8,300 के नीचे

कल की तेजी के बावजूद शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुआ।

मुनाफावसूली, डॉलर के मुकाबले रुपये में आयी कमजोरी और कच्चे तेल के भाव में आयी गिरावट के कारण बाजार पर दबाव दिखा। डॉलर में मजबूती से रुपया 1.5 महीने के निचले स्तर पर आ गया है। घरेलू बाजार में 11 फरवरी 2016 के बाद आज सबसे ज्यादा गिरा। बाजार पर मोदी सरकार के 500-1000 रुपये के नोट बंद करने की वजह से भी दाबाव बढ़ा है। बीएसई सेंसेक्स (Sensex) 698.86 अंक या 2.54% टूट कर 26,818.82 पर आ गया है। आज इसका दिन का उच्च स्तर 27,344.85 का रहा जबकि दिन का निचला स्तकर 26,777.18 का रहा है। एनएसई का निफ्टी 50 (Nifty 50) 229.45 अंक या 2.69% गिर कर 8,296.30 पर बंद हुआ। सत्र के मध्य यह 8,460.60 तक चढ़ा जबकि नीचे की ओर यह 8,284.95 कत फिसला। आज सेंसेक्स और निफ्टी 4.5 महीनों के निचले स्तरों पर बंद हुए। आज बाजार में चौतरफा गिरावट देखने को मिली है। आज के कारोबार में ऑटो, मीडिया, आईटी, बैंकिंग, एफएमसीजी, मेटल, इंफ्रा, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, ऑयल ऐंड गैस, पावर और रियल्टी शेयरों में बिकवाली ने बाजार पर दबाव बढ़ाने का काम किया। इंडिया विक्स सूंचकाकं 12.34% ऊपर बंद हुआ। डॉलर के मुकाबले रुपया 55 पैसे की नीचे कारोबार कर रहा है। पूरे सप्ताह बाजार की चाल पर नज़र डाले तो इस हफ्ते सेंसेक्स 1.7% और निफ्टी 1.6% गिरा है। हालांकि बैंक निफ्टी 3.6% उछला है।

छोटे मंझोले सूचकांक भी आज लाल निशान पर बंद हुए। बीएसई मिडकैप 3.62% और बीएसई स्मॉलकैप 3.42% फिसले। दूसरी ओर निफ्टी मिड 100 3.49% और निफ्टी स्मॉल 100 3.33% टूटा।

सेंसेक्स के दिग्गज शेयरों की बात करें तो महिंद्रा ऐंड महिंद्रा में 6.02%, अदाणी पोर्ट्स में 5.86%, आईसीआईसीआई बैंक में 5.32%, हीरो मोटो कॉर्प में 5.18%, एशियन पेंट्स में 5.02% और टाटा मोटर्स में 5.01% की गिरावट आयी। दूसरी ओर केवल सन फार्मा 3.30% की बढ़त के साथ बंद हुआ। निफ्टी के 51 शेयरों में 50 शेयर आज लाल निशान और केवल एक शेयर हरे निशान पर बंद हुआ। (शेयर मंथन, 11 नवंबर 2016)