भारतीय शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन गिरावट, 59000 के नीचे बंद हुआ सेंसेक्स

कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन शुक्रवार को भी भारतीय शेयर बाजार में कमजोरी का रुख बना रहा।

इस तरह यह लगातार चौथा दिन रहा जब भारतीय बाजार में गिरावट दर्ज की गयी। इससे पहले मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को भी भारतीय बाजार के अहम सूचकांक कमजोरी के साथ बंद हुए थे। बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) गुरुवार के बंद स्तर 59,126.36 के मुकाबले आज शुक्रवार की सुबह गिरावट के साथ 58,889.77 पर खुला। आज दिन भर सेंसेक्स लाल निशान में ही रहा और नीचे की ओर 58,551.14 तक गया। हालाँकि निचले स्तरों से खरीदारी उभरने के कारण आखिरकार सेंसेक्स 360.78 अंकों या 0.61% की गिरावट के साथ 58,765.58 पर बंद हुआ। आज के कारोबार में सेंसेक्स के 12 शेयर हरे निशान में बंद हुए, जबकि इसके 18 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
सेंसेक्स के शेयरों की बात करें, तो आज शुक्रवार को महिंद्रा ऐंड महिंद्रा (M&M) में 3.05% की मजबूती, जबकि बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv) में 3.45% की कमजोरी रही।
अपने पिछले बंद स्तर 17,618.15 के मुकाबले आज एनएसई का निफ्टी 50 (Nifty 50) नीचे की ओर 17,452.90 तक लुढ़क गया। अंत में यह पिछले बंद स्तर के मुकाबले 86.10 अंकों या 0.49% की गिरावट के साथ 17,532.05 पर बंद हुआ। आज निफ्टी के 24 शेयर मजबूती, जबकि 26 शेयर कमजोरी के साथ बंद हुए। (शेयर मंथन, 01 अक्टूबर 2021)