लक्ष्मी डेंटल के शेयरों में गिरावट जारी, ऐसे में निवेशकों को क्या करना चाहिए?

एक निवेशक जानना चाहते हैं कि उन्हें लक्ष्मी डेंटल (Laxmi Dental) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?

 बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि लक्ष्मी डेंटल को लेकर निवेशकों की चिंता स्वाभाविक है, खासकर उन लोगों के लिए जिन्होंने ऊंचे स्तर पर खरीदारी की है और अब एवरेजिंग पर विचार कर रहे हैं। कंपनी हेल्थकेयर सेक्टर से जुड़ी जरूर है, लेकिन केवल सेक्टर का पॉजिटिव नजरिया ही किसी स्टॉक को मजबूत निवेश विकल्प नहीं बनाता। लक्ष्मी डेंटल के वित्तीय प्रदर्शन में अस्थिरता साफ दिखाई देती है। सेल्स ग्रोथ में निरंतरता नहीं है, कभी तेज वृद्धि तो कभी सुस्ती। यही ‘लंपीनैस’ बाजार के भरोसे को कमजोर करती है।

सबसे बड़ी चिंता मार्जिन प्रोफाइल को लेकर है। जो ऑपरेटिंग मार्जिन पहले 23–24% के आसपास था, वह घटकर करीब 10% पर आ गया है। पीबीटी स्तर पर भी दबाव देखने को मिला है और मुनाफे की गुणवत्ता पर सवाल उठते हैं। क्वार्टरली नतीजों में प्रेडिक्टेबिलिटी की कमी के कारण निवेशकों का भरोसा डगमगाया है, जिसके चलते शेयर ऑल टाइम लो के आसपास ट्रेड कर रहा है। मौजूदा स्तर पर स्टॉक ओवरसोल्ड जोन में जरूर दिखता है, जिससे तकनीकी तौर पर कुछ बाउंस की संभावना बन सकती है। 175 रुपये के आसपास सपोर्ट और 225 रुपये के करीब रेजिस्टेंस का स्तर महत्वपूर्ण माना जा सकता है। 225 के ऊपर क्लोजिंग मिलने पर शॉर्ट कवरिंग के चलते 200 डीएमए तक की रिकवरी संभव है, लेकिन उसके लिए पहले मजबूती के संकेत जरूरी हैं।

लंबी अवधि के निवेश नजरिए से देखें तो जब तक कंपनी की आय में स्थिरता और मार्जिन में सुधार के ठोस संकेत नहीं मिलते, तब तक इसे मजबूत निवेश श्रेणी में रखना कठिन है। केवल गिरावट के आधार पर एवरेजिंग करना जोखिम भरा हो सकता है। बेहतर रणनीति यही होगी कि पहले प्रदर्शन में सुधार और ट्रेंड रिवर्सल के स्पष्ट संकेतों का इंतजार किया जाए, उसके बाद ही किसी बड़े निर्णय पर विचार किया जाए।


(शेयर मंथन, 03 मार्च 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)