एक निवेशक जानना चाहते हैं कि उन्हें सोम डिस्टिलर्स (Som Distilleries and Breweries) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? उन्होंने 130 रुपये के स्तर पर लगभग 4000 शेयर खरीदे थे और अब एवरेजिंग करने पर विचार कर रहे हैं। आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि तकनीकी चार्ट पर देखें तो कोविड के बाद 87 रुपये के आसपास एक महत्वपूर्ण लो बना था, जिसे हाल में 83 रुपये के नए लो ने तोड़ दिया है। यह लोअर-लो बनना कमजोरी का संकेत है। सैद्धांतिक रूप से 83–84 रुपये का स्तर अब एक निर्णायक रिस्क मैनेजमेंट पॉइंट माना जा सकता है। यदि शेयर इस स्तर के नीचे बंद होता है तो गिरावट और गहरी हो सकती है, जहां 90 रुपये के आसपास 50% रिट्रेसमेंट और 70 रुपये के आसपास 62% रिट्रेसमेंट जैसे स्तर नजर आते हैं। यानी 83 के नीचे फिसलन तेज हो सकती है।
मौलिक तस्वीर भी बहुत सुकून देने वाली नहीं है। तिमाही बिक्री में लगातार गिरावट दिख रही है, मार्जिन दबाव में हैं और मुनाफा भी घट रहा है। करीब 250 करोड़ रुपये की बिक्री के मुकाबले जिस स्तर का लाभ आना चाहिए, वह नजर नहीं आ रहा। समान बिक्री स्तर पर भी अगर कंपनी मार्जिन और ऑपरेटिंग प्रॉफिट बनाए नहीं रख पा रही, तो यह संकेत देता है कि कारोबारी ढांचे में कहीं न कहीं चुनौती है। डेटा प्रोग्रेसिव नहीं दिख रहा, जो लंबी अवधि के निवेशक के लिए चिंता का विषय है।
ऐसे में केवल औसत खरीद मूल्य कम करने के लिए एवरेजिंग करना जोखिम भरा हो सकता है। पहले यह तय करना जरूरी है कि 83 रुपये का स्तर टूटने पर क्या रणनीति होगी। रिस्क मैनेजमेंट स्पष्ट किए बिना अतिरिक्त निवेश करना समझदारी नहीं होगी। जब तक नतीजों में स्थिर सुधार और मार्जिन में मजबूती नहीं दिखती, तब तक सावधानी ही बेहतर विकल्प है।
(शेयर मंथन, 16 फरवरी 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)