आनंद झा जानना चाहते हैं कि उन्हें केएमसी स्पेशलिटी हॉस्पिटल (KMC Speciality Hospital) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? उन्होंने 77 रुपये के भाव पर 5000 शेयर ले रखे हैं, जो उनके कुल पोर्टफोलियो का लगभग 10% हिस्सा है। आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि केएमसी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के अच्छे तिमाही नतीजों के बाद उन्होंने अपनी होल्डिंग दोगुनी की है और अब सवाल यह है कि क्या इसमें और निवेश बढ़ाया जाए। सबसे पहली और महत्वपूर्ण बात पोर्टफोलियो एलोकेशन की है। किसी भी एक शेयर में, विशेषकर स्मॉल या माइक्रो कैप कंपनी में, 10% से अधिक निवेश रखना जोखिम को काफी बढ़ा देता है। चाहे कंपनी कितनी भी पसंद क्यों न हो, जब तक आप प्रमोटर बनने की स्थिति में नहीं हैं, तब तक एक ही स्टॉक में अत्यधिक एकाग्रता समझदारी नहीं मानी जाती।
कंपनी का मार्केट कैप लगभग 1300 से 1500 करोड़ रुपये के आसपास है और फ्री फ्लोट भी सीमित है। इसका मतलब है कि लिक्विडिटी रिस्क मौजूद रहेगा। कम फ्री फ्लोट वाले शेयरों में एंट्री और एग्जिट दोनों चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, खासकर तब जब बाजार ऊंचे स्तरों पर हो। मौजूदा निफ्टी स्तरों पर यदि कोई कंपनी अभी भी छोटी कैप में है, तो निवेशक को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए, क्योंकि किसी भी नकारात्मक माहौल में ऐसे शेयरों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
तकनीकी दृष्टि से देखें तो शेयर में 67 रुपये के नीचे ही स्पष्ट कमजोरी मानी जाएगी। जब तक यह स्तर सुरक्षित है, तब तक बड़ी चिंता की बात नहीं है। वहीं 90 रुपये के ऊपर ही मजबूत ब्रेकआउट और सकारात्मक संकेत मिलेंगे। यानी 67 से 90 रुपये का दायरा एक व्यापक रेंज है, जिसके भीतर उतार-चढ़ाव स्वाभाविक है। लंबी अवधि के निवेशक, जो 5 साल का नजरिया रखते हैं, उन्हें इस वोलैटिलिटी को मानसिक रूप से स्वीकार करना होगा।
कंपनी के नतीजे भले ही अच्छे हों, लेकिन जोखिम प्रबंधन और संतुलित एलोकेशन अधिक महत्वपूर्ण है। मौजूदा स्तर पर होल्ड करना समझदारी हो सकती है, पर अतिरिक्त निवेश बढ़ाने से पहले लिक्विडिटी रिस्क, मार्केट कैप और अपने कुल पोर्टफोलियो संतुलन पर गंभीरता से विचार करना जरूरी है।
(शेयर मंथन, 27 फरवरी 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)