रिलायंस इंडस्ट्रीज को लेकर बाजार में फिलहाल मिश्रित संकेत दिखाई दे रहे हैं। आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि स्टॉक ने करीब 1480 रुपये के स्तर पर मजबूत रेजिस्टेंस बनाया था और वहां से आई गिरावट बहुत सकारात्मक ट्रेंड नहीं मानी जा रही। तकनीकी नजरिए से देखा जाए तो 1300 रुपये का स्तर अभी इस शेयर के लिए अहम सपोर्ट माना जा रहा है। जब तक यह स्तर बना रहता है, तब तक शेयर में बड़ी कमजोरी की संभावना कम दिखती है। हालांकि यदि 1300 का स्तर टूटता है तो फिर स्टॉक में और दबाव देखने को मिल सकता है।
ऊपरी स्तरों की बात करें तो बाजार जानकारों का कहना है कि जब तक रिलायंस 1450 रुपये के ऊपर मजबूती से टिकता नहीं है, तब तक इसमें नया पॉजिटिव ट्रेंड मानना जल्दबाजी होगी। यानी फिलहाल शेयर एक सीमित दायरे में फंसा हुआ नजर आ रहा है और इसमें तेज रफ्तार वाली चाल अभी दिखाई नहीं दे रही। ऐसे में ट्रेडर्स को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
इस चर्चा में खास बात यह रही कि निवेशक ने 1480 रुपये का कॉल ऑप्शन खरीद रखा है। एक्सपर्ट्स के अनुसार यह स्ट्राइक प्राइस फिलहाल काफी कठिन स्थिति में दिखाई दे रही है, क्योंकि यही वह स्तर है जहां से शेयर पहले गिर चुका है। ऐसे में कॉल ऑप्शन “आउट ऑफ द मनी” स्थिति में माना जा रहा है। ऑप्शन ट्रेडिंग में मुनाफा तभी बनता है जब शेयर में तेज और नई तेजी आए, जिससे ऑप्शन प्रीमियम बढ़ सके। लेकिन मौजूदा परिस्थिति में ऐसी मजबूत तेजी के संकेत अभी साफ नहीं दिख रहे।
हल्के-फुल्के अंदाज में यह भी कहा कि निवेशक ने जिस स्तर पर कॉल खरीदा है, वह खुद ही मुश्किल स्थिति में फंसने जैसा फैसला साबित हो सकता है। फिलहाल रिलायंस में बड़ा बुलिश नजरिया तभी बनेगा जब स्टॉक 1450 रुपये के ऊपर मजबूती से टिके, जबकि नीचे 1300 रुपये का स्तर सबसे अहम सपोर्ट बना हुआ है।
(शेयर मंथन, 20 मई 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)