हेल्थकेयर, मैन्युफैक्चरिंग और बैंकिंग सेक्टर में कहां बन सकते हैं निवेश के मौके?

शेयर बाजार में पिछले कुछ समय से जारी उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों के सामने सबसे बड़ी चुनौती सही म्यूचुअल फंड और सेक्टर का चुनाव करना है।

ऐसे में किन सेक्टरों में आने वाले वर्षों में बेहतर संभावनाएं दिखाई दे रही हैं और नया पोर्टफोलियो बनाते समय किन फंड्स पर नजर रखनी चाहिए? विजय मंत्री फाइनेंशियल सर्विसेज के संस्थापक विजय मंत्री का मानना है कि भारतीय बाजार में आने वाले वर्षों में हेल्थकेयर, मैन्युफैक्चरिंग और बैंकिंग एवं फाइनेंशियल सर्विसेज जैसे सेक्टरों में निवेश के अच्छे अवसर बन सकते हैं।

विजय मंत्री के मुताबिक, भारत में हेल्थकेयर सेक्टर आने वाले समय की बड़ी थीम बन सकता है। इसकी एक प्रमुख वजह देश की बदलती जनसांख्यिकी है। आने वाले 10 से 20 वर्षों में 45 से 60 वर्ष और 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की आबादी बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा पैकेज्ड फूड के बढ़ते इस्तेमाल और बदलती जीवनशैली का असर भी लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। ऐसे में अस्पतालों, दवाओं और हेल्थकेयर सेवाओं की मांग बढ़ सकती है।

दूसरी ओर, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में भी उन्हें बेहतर संभावनाएं दिखाई दे रही हैं। उनका कहना है कि भारत में नई इंडस्ट्रीज आ रही हैं और अलग-अलग राज्य निवेश आकर्षित करने के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। इसके अलावा बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और इंश्योरेंस यानी BFSI सेक्टर में भी धीरे-धीरे निवेश के अवसर बन सकते हैं। उनके मुताबिक, इस सेक्टर के कई शेयरों में पहले ही काफी गिरावट आ चुकी है, इसलिए निवेशक SIP और STP के जरिए धीरे-धीरे निवेश पर विचार कर सकते हैं।

नया पोर्टफोलियो बनाने के लिए विजय मंत्री ने पांच म्यूचुअल फंड के नाम भी बताए। इनमें Axis Multi Cap Fund, Abakkus Flexi Cap Fund, Helios Flexi Cap Fund, WhiteOak Capital Healthcare Fund और HDFC Small Cap Fund शामिल हैं। उनके अनुसार, मल्टीकैप फंड के जरिए निवेशकों को लार्ज, मिड और स्मॉल कैप कंपनियों में निवेश का मौका मिलता है। वहीं फ्लेक्सीकैप फंड में फंड मैनेजर को बाजार की परिस्थितियों के अनुसार निवेश का अनुपात बदलने की सुविधा होती है।

HDFC Small Cap Fund को लेकर उन्होंने कहा कि इसका हालिया प्रदर्शन कमजोर रहा है, लेकिन अच्छे फंड हाउस के फंड जब कुछ समय तक अंडरपरफॉर्म करते हैं, तो उनके प्रदर्शन और निवेश प्रक्रिया का विश्लेषण करना चाहिए। उन्होंने बताया कि फंड चुनते समय केवल एक या तीन साल के रिटर्न को नहीं देखना चाहिए। इसके बजाय रोलिंग रिटर्न, स्टॉक चयन, रिटर्न में अलग-अलग कंपनियों का योगदान और बाजार की तेजी एवं गिरावट में फंड का प्रदर्शन भी देखना चाहिए।

विजय मंत्री ने यह भी कहा कि म्यूचुअल फंड में आज अच्छा प्रदर्शन करने वाला फंड जरूरी नहीं कि अगले तीन वर्षों में भी सबसे अच्छा प्रदर्शन करे। फंड और फंड हाउस के प्रदर्शन में समय के साथ बदलाव आता रहता है। इसलिए निवेशकों को केवल पिछले रिटर्न के आधार पर निवेश का फैसला नहीं लेना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बताए गए पांच फंड सामान्य चर्चा का हिस्सा हैं, इन्हें सीधे खरीदने की सलाह नहीं समझना चाहिए। निवेश से पहले अपनी जोखिम क्षमता, एसेट एलोकेशन और वित्तीय लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर या वित्तीय सलाहकार से परामर्श करना चाहिए।


(शेयर मंथन, 06 नवंबर 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)