
राजीव रंजन झा : उम्मीद के मुताबिक ही साल 2004 से ही बाजार को सहारा देती रुझान रेखा पर इस बार भी अच्छा सहारा मिल गया।
कल के कारोबार में निफ्टी 5400-5425 की उम्मीदों से कहीं आगे 5464 तक गया और अंत में उसके पास ही 5456 पर रहा। मगर आगे यह उछाल कहाँ तक जा सकती है और किन बातों का खास ध्यान रखना जरूरी होगा?- कल निफ्टी का बंद स्तर इसके चार्ट पर 04 जनवरी से बनी गिरती पट्टी की ऊपरी रेखा के पास ही है। यहाँ बाधा मिलने की संभावना रहेगी।
- अगर निफ्टी को शुरुआती कारोबार में 5550-60 का दायरा पार करने में दिक्कत आयी तो यह 5400-5414 तक फिसल सकता है।
- अगर यह 5395 के नीचे चला गया तो अगला सहारा 5355 पर मिलना चाहिए।
- अगर आज निफ्टी ने ऊपर की चाल पकड़ी तो 5515 तक चढ़ने की उम्मीद रहेगी।
अगले कुछ दिनों की चाल के लिहाज से इन बातों का ध्यान रखें:
- निफ्टी 5515 पार कर सका तो 04 फरवरी के ऊपरी स्तर 5556 तक चढ़ने की उम्मीद होगी। करीब उसी जगह 6181-5178 की गिरावट की 38.6% वापसी 5561 पर है। बाजार की दिशा बदलने के लिए इन स्तरों का पार होना जरूरी होगा।
- अगर 5556-5561 के स्तर पार हो गये तो 6181-5178 की 61.8% वापसी यानी 5798 अगला लक्ष्य बन जायेगा।
बाजार की अगली दिशा के लिहाज से आज का कारोबार काफी महत्वपूर्ण होगा। निफ्टी के चार्ट में 04 जनवरी से चल रही गिरती पट्टी के ऊपर निकल पाना बाजार की दिशा बदलने के लिए जरूरी है। इसके बाद हाल की 6181-5178 की गिरावट की 38.2% वापसी के स्तर 5561 को पार कर लेने पर बाजार का हौसला काफी बढ़ जायेगा। यह स्तर पार हो गया तो वापस उछाल के बदले इसे नयी तेजी मानने वालों की संख्या बढ़ जायेगी। लेकिन इस बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के आँकड़ों पर नजर रखें। कल उनकी बिकवाली रुकी है, लेकिन खरीदारी काफी हल्की है। Rajeev Ranjan Jha
(शेयर मंथन, 15 फरवरी 2011)