भारतीय शेयर बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार बिकवाली और वैश्विक अनिश्चितताओं ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
हालांकि, बाजार में घरेलू निवेशकों का योगदान मजबूत बना हुआ है। मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और चीफ बिजनेस ऑफिसर अखिल चतुर्वेदी का मानना है कि विदेशी निवेशकों की बिकवाली के पीछे भारत के प्रति नकारात्मक सोच से ज्यादा वैश्विक परिस्थितियां जिम्मेदार हैं। उनके अनुसार, अमेरिका में ट्रेजरी यील्ड का ऊंचा स्तर विदेशी निवेशकों को आकर्षित कर रहा है। इसके अलावा रुपये में कमजोरी से भी विदेशी निवेशकों के रिटर्न पर असर पड़ता है। तीसरा कारण आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई से जुड़ी कंपनियों में निवेश का बढ़ता आकर्षण है, जिसके चलते वैश्विक निवेशक दूसरे बाजारों से पैसा निकालकर अमेरिकी कंपनियों में लगा रहे हैं।
भारतीय बाजार का वैल्यूएशन पहले के मुकाबले काफी हद तक सामान्य हो चुका है। दो साल पहले उभरते बाजारों की तुलना में भारतीय बाजार को जो प्रीमियम मिलता था, उसमें लगभग 60 से 70 फीसदी तक की कमी आई है। इसी तरह स्मॉलकैप का निफ्टी 50 के मुकाबले प्रीमियम भी अपने पांच साल के औसत 75 फीसदी से घटकर करीब 25 फीसदी रह गया है। उनके अनुसार, अब वैल्यूएशन विदेशी निवेशकों के लिए पहले जितनी बड़ी चिंता नहीं है। हालांकि, अमेरिका की ऊंची ट्रेजरी यील्ड और रुपये में कमजोरी अभी भी उनके फैसलों को प्रभावित कर रही है।
विदेशी निवेशकों की वापसी के संभावित ट्रिगर्स पर उन्होंने तीन प्रमुख बातें बताईं। पहला, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, खासकर यदि कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आती हैं। दूसरा, विदेशी निवेशकों के लिए टैक्सेशन में राहत या टैक्स सुधार। तीसरा, अमेरिका और भारत के बीच टैरिफ समझौते या मुक्त व्यापार समझौते की घोषणा। इन घटनाक्रमों से भारत के प्रति वैश्विक निवेशकों का नजरिया सकारात्मक हो सकता है। इसके अलावा, वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव में कमी और एआई निवेश को लेकर उत्साह में संतुलन आने से भी भारत की ओर निवेश प्रवाह बढ़ सकता है।
बाजार के सेक्टरों की बात करें तो चतुर्वेदी को बैंकिंग शेयरों में संभावित वापसी का अवसर दिखाई देता है। उनके अनुसार, पिछले काफी समय से बैंकिंग सेक्टर का प्रदर्शन कमजोर रहा है, लेकिन अब क्रेडिट ग्रोथ अच्छी है और एनपीए नियंत्रण में हैं। क्रेडिट कॉस्ट में भी कमी आई है। हालांकि, नेट इंटरेस्ट मार्जिन पर दबाव बना हुआ है। उनका मानना है कि वैल्यूएशन निचले स्तरों पर होने और ग्रोथ में सुधार के संकेत मिलने से बैंकिंग सेक्टर में बेहतर प्रदर्शन की संभावना बन सकती है। इसे वह एक संभावित कॉन्ट्रा बेट मानते हैं। आईटी सेक्टर पर उनका कहना है कि मिडकैप आईटी कंपनियों में ग्रोथ के आंकड़े बेहतर हैं, लेकिन लार्जकैप आईटी कंपनियों में अभी भी कमाई की वृद्धि कमजोर है। केवल सस्ते वैल्यूएशन से शेयरों में लंबे समय तक रिटर्न नहीं बनता, इसके लिए अर्निंग्स ग्रोथ भी जरूरी है।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली के बावजूद घरेलू निवेश बाजार को स्थिरता दे रहे हैं। एसआईपी, म्यूचुअल फंड, इंश्योरेंस और पेंशन फंड के जरिए लगातार पैसा आ रहा है। चतुर्वेदी के अनुसार, जब तक वैश्विक परिस्थितियों में सुधार नहीं होता, बाजार का प्रदर्शन काफी हद तक स्टॉक-स्पेसिफिक रह सकता है। यानी जिन कंपनियों की कमाई और वैल्यूएशन बेहतर होंगे, उनमें ही अच्छे रिटर्न की संभावना अधिक होगी। इसलिए निवेशकों को केवल इक्विटी, डेट या गोल्ड में से किसी एक विकल्प पर निर्भर रहने के बजाय अपने वित्तीय लक्ष्यों और निवेश की अवधि के अनुसार एसेट एलोकेशन करना चाहिए। उनके सुझाव के मुताबिक, पांच साल से कम की अवधि वाले निवेश में इक्विटी, डेट और गोल्ड के बीच संतुलन रखना चाहिए, जबकि पांच से दस या पंद्रह साल जैसे लंबे निवेश लक्ष्यों के लिए लगभग दो-तिहाई हिस्सा इक्विटी और एक-तिहाई हिस्सा डेट व गोल्ड में रखा जा सकता है। इक्विटी लंबी अवधि में ग्रोथ देने का माध्यम है, जबकि डेट और गोल्ड पोर्टफोलियो को स्थिरता और सुरक्षा देने में मदद करते हैं।
(शेयर मंथन, 02 नवंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)