कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन बाजार भारी गिरावट के साथ बंद

 बाजार में एक्शन के लिहाज से यह हफ्ता काफी दिलचस्प रहा। वैश्विक बाजारों में काफी हलचल रही। चीन में कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से बाजार पर दबाव दिखा। वहीं कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन यूएस फेड के दरों में बढ़ोतरी के ऐलान का भी असर भारत सहित दूसरे बाजारों पर भी देखने को मिला। दो दिनों से बाजार में चली आ रही तेजी पर आज विराम लग गया। वैश्विक बाजारों से कमजोर संकेतों का असर भारतीय बाजारों पर भी देखने को मिला। भारतीय बाजारों की आज कमजोरी के साथ शुरुआत हुई।

कारोबारी सत्र के दौरान निफ्टी 50 (Nifty 50) ने 17,149 का निचला स्तर जबकि 17,315 का ऊपरी स्तर छुआ। सेंसेक्स (Sensex) ने 57,135 का निचला स्तर जबकि 57,690 का ऊपरी स्तर छुआ। निफ्टी बैंक (Nifty Bank) ने कारोबारी सत्र के दौरान 35,991 का निचला स्तर जबकि 36,578 का ऊपरी स्तर छुआ। सेंसेक्स (Sensex) 714 अंक या 1.23% गिर कर 57,197, निफ्टी 50 (Nifty 50) 220 अंक या 1.27% गिर कर 17,172 पर बंद हुआ। निफ्टी बैंक (Nifty Bank) 771 अंक या 2.10% गिर कर 36,045 पर बंद हुआ।
पूरा हफ्ता बाजार के लिहाज से अच्छा नहीं रहा।
इस हफ्ते निफ्टी 50 (Nifty 50) में 2% तक की गिरावट रही,वहीं सेंसेक्स में भी 2% की गिरावट देखी गई। इस हफ्ते निफ्टी बैंक में 4% की गिरावट देखी गई। वहीं निफ्टी मिडकैप -100 में 1.52% की गिरावट देखी गई। निफ्टी 500 में 1.6% तक की गिरावट देखी गई।
वहीं कमजोर आईटी नतीजों से निफ्टी आईटी इंडेक्स में 5.6% तक की गिरावट देखी गई, वहीं ऊपरी स्तर से मुनाफावसूली के कारण निफ्टी मेटल इंडेक्स में 2.8% तक की कमजोरी इस हफ्ते दर्ज की गई। निफ्टी एफएमसीजी में 1% की गिरावट देखी गई तो वहीं निफ्टी ऑटो में 3.18% तक की बढ़त देखी गई। इस हफ्ते निफ्टी एनर्जी में भी 2.6% तक की तेजी देखी गई। इस हफ्ते निफ्टी के चढ़ने वाले शेयरों में कोल इंडिया 8.5%, रिलायंस इंडस्ट्रीज 8%, महिंद्रा एंड महिंद्रा 6.5%, मारुति 6% और आयशर मोटर्स में 5.5% तक की तेजी देखने को मिली। इस हफ्ते आईटी शेयरों ने बाजार को निराश किया। इस हफ्ते निफ्टी के गिरने वाले शेयरों में इंफोसिस 9.5%, एचडीएफसी बैंक 7.5%, टेक महिंद्रा 7.5% और एचडीएफसी लिमिटेड 7.2% तक गिर कर बंद हुए।
इस हफ्ते निफ्टी 500 में चढ़ने वाले शेयरों में एमआरपीएल (MRPL) 33%, बोरोसिल रिन्युएबल 25.2%, एनएलसी इंडिया 19.50% और कैपरी ग्लोबल में 16.6% तक की तेजी देखने को मिली। वहीं गिरने वाले शेयरों में एलएंडटी इंफोटेक 15.7%,सोलारा एक्टिव फार्मा 12.1%, आईबी रियल एस्टेट 12% और रैलिस इंडिया में 11% तक की गिरावट देखने को मिली। (शेयर मंथन, 22 अप्रैल 2022)