कैपेसाइट इंफ्रा ने 826.49 करोड़ रुपए का ऑर्डर जीता

कैपेसाइट इंफ्रा को कुल 826.49 करोड़ रुपए के ऑर्डर मिले हैं। इसमें जीएसटी शामिल नहीं है। कंपनी को यह ऑर्डर सरकारी और निजी कंपनी की ओर से मिला है। कंपनी को पहला ऑर्डर म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन ऑफ ग्रेटर मुंबई से मिला है। इसके तहत कंपनी को 599.04 करोड़ रुपए का ऑर्डर मिला है।

कंपनी को मुंबई के भांडुप में मल्टी स्पेश्यालिटी हॉस्पिटल बनाने के लिए यह ऑर्डर मिला है। इसके अलावा कंपनी को प्राइवेट सेक्टर के ग्राहक से रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट के लिए 227.45 करोड़ रुपए के ऑर्डर मिले हैं। इसके तहत कंपनी को सिविल,आरसीसी स्ट्रक्चर और प्लास्टर का काम करना है। कंपनी को यह काम नवी मुंबई के सेक्टर 58A सीवुड में कराना है।
कंपनी को मिले इस ऑर्डर पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रबंध निदेशक राहुल कात्याल ने कहा कि इस नए ऑर्डर से ऊंची ग्रोथ वाले कारोबार में अपनी स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी। चुनौतीपूर्ण माहौल में कंपनी को मिले इस नए ऑर्डर से ग्राहकों की विविधता, मौजूदा ग्राहकों से अतिरिक्त कारोबार की संभावना भी बढ़ेगी।
मौजूदा वित्त वर्ष में मिले ऑर्डर के अलावा पहले के ऑर्डर से कंपनी को भरोसा मिलता है। इससे आगे आने वाली तिमाही में अच्छे ग्रोथ की संभावना बढ़ जाती है। कंपनी समय पर प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए आश्वस्त है। आपको बता दें कि कैपेसाइट इंफ्रा एक नामी बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कंपनी है जिसका कारोबार मुंबई मेट्रोपोलिटन रीजन,एनसीआर यानी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, बंगलुरु,हैदराबाद, चेन्नई, कोच्चि और पुणे में फैला हुआ है। ऑर्डर मिलने के बाद कंपनी का शेयर 3.80% तक चढ़ कर बंद हुआ। (शेयर मंथन 28 अप्रैल 2022)